अंतर्राष्ट्रीय तैराक पागे ने उत्तराखंड में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेल में जीते दो पदक
इन्दौर 15 फरवरी । मध्यप्रदेश में राज्य शासन द्वारा खेल और खिलाड़ियों को बढ़ावा देने के लिए यहाँ अनुकूल वातावरण तैयार किया जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशन में लगातार खेल सुविधाओं के विस्तार और सुदृढ़ीकरण के प्रयास किये जा रहे हैं। परिणामत: प्रदेश के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय खेल फलक पर बेहतर प्रदर्शन कर प्रदेश का नाम लगातार गौरवान्वित कर रहे हैं। इन्हीं में से एक चमकता हुआ नाम इंदौर के जाने-माने तैराक अद्वैत पागे का है, जिन्होंने हाल ही में उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेलों में एक रजत सहित दो पदक हासिल किये।
अद्वैत पागे ने राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में 1500 मीटर फ्री-स्टाईल मुकाबले में 15 मिनिट 55 सेकेण्ड का समय लेकर रजत पदक प्राप्त किया। जबकि 400 मीटर के व्यक्तिगत मुकाबले में 4 मिनिट 35 सेकेण्ड समय के साथ कांस्य पदक जीता। इनके प्रशिक्षक के रूप में आकाश चौधरी थे। अद्वैत ने बीते वर्ष गोवा में आयोजित राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में भी 1500 मीटर तथा 800 मीटर फ्री स्टाईल, 400 मीटर व्यक्तिगत और 200 मीटर बैक स्ट्रोक मुकाबले में बेहतर प्रदर्शन कर एक रजत और तीन कांस्य पदक जीते। इसके पहले गुजरात में आयोजित राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में अद्वैत ने मध्यप्रदेश का प्रतिनिधित्व करते हुए 1500 मीटर और 800 मीटर फ्री-स्टाईल तथा 400 मीटर व्यक्तिगत मैडले में नये राष्ट्रीय खेलों के रिकार्ड के साथ तीन स्वर्ण पदक सहित दो रजत पदक भी जीते।
अद्वैत पागे ने मात्र 8 वर्ष की उम्र में अपना खेल सफर शिशुकुंज इन्टरनेशल स्कूल इंदौर से प्रारंभ किया और वर्ष 2015 से लेकर अब तक सीनियर राष्ट्रीय तैराकी और जूनियर राष्ट्रीय तैराकी स्पर्धा में भाग लेकर कई मैडल जीतकर इंदौर का नाम देश और दुनिया में रोशन किया।
अंतर्राष्ट्रीय स्तर के तैराक अद्वैत के खाते में राष्ट्रीय ही नहीं अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर भी ढेरों उपलब्धियां है, जो उन्हें तैराकी की दुनिया में एक अलग स्थान पर रखती है। अद्वैत ने न सिर्फ तीन बार राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिता में हिस्सा लेकर मध्यप्रदेश के लिए पदक जीते बल्कि राष्ट्रमंडलीय खेल, एशियाई खेल, यूथ ओलम्पिक और विश्व चैम्पियनशिप जैसी अंतर्राष्ट्रीय स्तरीय स्पर्धाओं में भी भाग लेकर अपने पदकों की संख्या में इजाफा किया।
अद्वैत ने वर्ष 2017 में ताशकंद में आयोजित एज ग्रुप तैराकी चैम्पियनशिप में 1500 मीटर और 800 मीटर फ्री-स्टाईल और 400 मीटर व्यक्तिगत मैडले में भाग लेकर एक स्वर्ण सहित तीन पदक जीते। वहीं वर्ष 2018 में अर्जेटीना में आयोजित यूथ ओलम्पिक गेम्स में भाग लेकर पहली बार अंतर्राष्ट्रीय स्तर की किसी तैराकी स्पर्धा में भारत का प्रतिनिधित्व किया। इसी वर्ष जकार्ता में आयोजित एशियन गेम्स में 1500 मीटर और 800 मीटर फ्री-स्टाईल मुकाबले में भाग लेकर क्रमश: 7वां और 8वां स्थान हासिल किया। अद्वैत ने वर्ष 2019 में फ्लोरिडा विश्वविद्यालय में एथेलेटिक छात्रवृत्ति पर छात्र एथेलेटिक के रूप में भाग लिया और एक छात्र ऐथलिट के रूप में फ्लोरिडा विश्वविद्यालय में शामिल हो गये। इसी वर्ष अद्वैत ने बुडापेस्ट में आयोजित फिना वर्ल्ड जूनियर चैम्पयनशिप और दक्षिण कोरिया में आयोजित फिना विश्व चैम्पियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व किया। वर्ष 2022 में आयोजित राष्ट्रमंडलीय खेल में अद्वैत ने क्रमश: 1500 मीटर फ्री-स्टाईल मुकाबले में बेहतर प्रदर्शन के साथ 7वां स्थान हासिल किया। इसके अलावा वर्ष 2023 में आयोजित एशियाई खेलों के 200 मीटर बैक स्ट्रोक मुकाबले में भाग लेकर 7वां स्थान हासिल किया।
तैराकी के प्रति समर्पित अद्वैत को वर्ष 2018 में मध्यप्रदेश सरकार का सर्वोच्च एकलव्य पुरस्कार मिला और वर्ष 2019 में विक्रम अवार्ड मिला। वर्तमान में फलोरिडा में खेल प्रबंधन में विज्ञान स्नातक की पढ़ाई कर रहे अद्वैत पागे को वर्ष 2019-20 और वर्ष 2020-21 में लगातार दो बार एसईसी एकेडमिक ऑनर रोल में नामित किया गया। यह प्रमाण पत्र उन एथलिट्स को दिया जाता है जो खेल वर्ष में प्रशंसा प्राप्त करते है और उच्च जीपीए स्कोर बनाये रखते है। इन दिनों अद्वैत पागे फ्लोरिडा विश्वविद्यालय में विश्व चैम्पिन्स, ओलंपिक चैम्पिन्स और फायनलिस्ट के साथ प्रशिक्षण ले रहे है। ये एक प्रशिक्षण कार्यक्रम है, जिसे सबसे अच्छी दूरी का तैराकी का कार्यक्रम माना जाता है। इसका नेतृत्व एन्थोनी नेस्टी कर रहे हैं, जो खुद एक ओलंपिक चैम्पियन है और अंतर्राष्ट्रीय प्रशिक्षण परिदृश्य पर बहुत उच्च प्रतिष्ठान वाले कोच है।