‘‘प्रशासन गांव की ओर अभियान’’ अंतर्गत बाजना ब्लॉक की क्लस्टर पंचायत मुख्यालय ईमलीपाडा कला मे हुई सुनवाई

  • प्रशासन गांव की ओर अभियान में प्रशासनिक अधिकारी पहुंचे गांव में
  • अनुश्रवण शिविर में ग्रामीणों से की चर्चा
  • स्कूल, आंगनवाड़ी एवं निर्माणाधीन कार्यो का किया निरीक्षण

रतलाम । भारत सरकार एवं राज्य सरकार की चिन्हित फ्लैगशिप योजनाओं में शत् प्रतिशत सेचुरेशन प्राप्त करने हेतु ‘‘प्रशासन गांव की ओर अभियान’’ के तहत आज शुक्रवार को सभी जिला स्तरीय अधिकारियों ने ईमलीपाडा कला क्लस्टर अंतर्गत 19 ग्राम पंचायतों मे पहुँच कर आमजन की समस्याएं सुनी एवं समाधान योग्य समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया। जिला स्तर एवं राज्य स्तर से समाधान योग्य समस्याओं को अनुश्रुवण पंजी मे दर्ज किया गया। क्लस्टर पंचायत मुख्यालय ईमलीपाडा कला पर सभी पंचायतों के नोडल अधिकारियों की कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह द्वारा ग्राम पंचायतवार समीक्षा की गई। भ्रमण के दौरान कलेक्टर के साथ सीईओ जिला पंचायत वैशाली जैन, एसडीएम सैलाना तरूण जैन, तहसीलदार मनीष जैन सहित जिला स्तरीय नोडल अधिकारी एवं मैदानी शासकीय अधिकारी/कर्मचारी उपस्थित थे।

कलेक्टर ने राजापुर मंदिर परिसर एवं ईको टूरिज्म का निरीक्षण किया

प्रशासन गांव की ओर अभियान के तहत कलेक्टर मिशा सिंह एवं सीईओ जिला पंचायत वैशाली जैन ने राजापुरा माताजी मंदिर में दर्शन करने के बाद मंदिर परिसर का निरीक्षण कर परिसर मे स्वच्छता परिसर, बाउण्ड्रीवाल, धर्मशाला, गार्डन ,पेवर ब्लाक, सीमेन्टेड कुर्सियो के साथ विद्युत व्यवस्था के लिए डीपीआर बनाने, मंदिर परिसर में दुकानों के निर्माण के लिए आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
कलेक्टर ने राजापुरा माताजी ईको टूरिज्म का निरीक्षण कर फारेस्ट गेस्ट हाउस को टूरिज्म स्थल के रूप में विकसित करने के निर्देश दिए। बच्चो के लिए झूले-चक्करी, सेल्फी पाईट, जनजातीय संस्कृति से संबंधित चित्र प्रदर्शनी लगाने, पानी की व्यवस्था करने एवं सौंदर्यीकरण कार्य करवाने के निर्देश एसडीएम एवं संबंधित अधिकारियों को दिए।

कलेक्टर ने आयुष्मान आरोग्यं मंदिर रतनगढ का निरीक्षण कर अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए

कलेक्टर ने आयुष्मान आरोग्यं मंदिर रतनगढ़ का निरीक्षण किया एवं गर्भवती महिलाओं की सभी जांच समय पर करने एवं आवश्यक पोषण आहार देने के निर्देश दिए। एनीमिया ग्रसित महिलाओं को विशेष पोषण आहार देने के निर्देश दिए। गर्भवती महिलाओं का समय पर फालोअप नहीं करने पर आशा कार्यकर्ता एवं ए एन एम को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। आरोग्यं मंदिर के एक कक्ष पर ग्रामीण का कब्जा होने पर नाराजगी जाहिर की, बी एम ओ एवं पंचायत सचिव को फटकार लगाते हुए तत्काल अतिक्रमण हटाने के लिए एसडीएम/तहसीलदार को निर्देश दिए।

कलेक्टर ने पिपलीपाडा अनुश्रवण शिविर में ग्रामीणों से चर्चा की

कलेक्टर ने ग्राम पंचायत कार्यालय पिपलीपाडा मे लगे अनुश्रवण शिविर में ग्रामीण जनो से चर्चा की। पंचायत सचिव/जीआरएस को 60 वर्ष से अधिक उम्र के सभी बुजुर्गों की पात्रता अनुसार पेंशन स्वीकृत करने के निर्देश दिए। आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिए 70 वर्ष से अधिक उम्र के सभी बुजुर्गों की सूची निकाल कर शत प्रतिशत काम करने के निर्देश दिए। पटवारी को गिरदावरी एवं फार्मर रजिस्ट्री का काम शत प्रतिशत करने के निर्देश दिए। पी एम किसान योजना के सभी पात्र किसानों की ई केवाईसी करने के निर्देश भी पटवारी को दिए।

कलेक्टर ने प्राथमिक विद्यालय पिपलीपाडा में शिक्षा की गुणवत्ता परखी

कलेक्टर ने प्राथमिक विद्यालय पिपलीपाडा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान स्कूली बच्चे को कक्षा से बाहर घूमते पाये जाने पर बच्चे से चर्चा की एवं रोज स्कूल आने के लिए कहा। कलेक्टर ने स्कूल में बच्चों की उपस्थिति देखी एवं बच्चों से चर्चा कर शिक्षा की गुणवत्ता परखी। दूसरी कक्षा में अध्ययनरत शिवानी से अंक ज्ञान, जोड़ घटाने के सवाल समक्ष मे करवायें। सवाल सही हल करने पर कलेक्टर ने शाबासी देकर शिवानी का उत्साहवर्धन किया। जनशिक्षक को सतत निरीक्षण कर बच्चों एवं शिक्षक की शत प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने एवं कक्षा अनुसार बच्चों का परफार्मेंस सुनिश्चित करने के लिए निर्देश दिए। कलेक्टर ने किचन शेड मे बन रहे मध्याह्न भोजन का अवलोकन किया, रसोईयनो से चर्चा की एवं आवश्यक निर्देश दिए। सचिव एवं सीईओ जनपद को किचन शेड की मरम्मत करवाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने आई टी आई बाजना में सिलाई एवं कम्प्यूटर सीख रहे बच्चों से चर्चा की

कलेक्टर ने आई टी आई बाजना में चल रही कक्षाओं का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सिलाई एवं कम्प्यूटर सीख रहे बच्चों से चर्चा की एवं कम्प्यूटर कक्षा में पावर पाइंट प्रेजेन्टेशन बनवा कर देखा। कलेक्टर ने आई टी आई से प्रशिक्षण कर सफल हुए बच्चों को बुलाकर ग्रामीण युवक/युवतियों को भी प्रेरित करने के लिए कहा।

कन्या आश्रम शाला बाजना का कार्य मार्च 2026 तक पूर्ण करने के निर्देश दिए

कलेक्टर ने निर्माणाधीन कन्या आश्रम शाला बाजना का निरीक्षण कर कार्य गुणवत्तापूर्ण करवाने एवं मार्च 2026 तक कार्य पूर्ण कर हैण्ड ओवर करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कार्य गुणवत्ता पूर्ण नहीं होने पर राशि काटने के निर्देश दिए। निर्माणाधीन भवन के गेट के सामने का अतिक्रमण हटाने के निर्देश तहसीलदार को दिए। कलेक्टर ने निर्माणाधीन सामग्री/मटेरियल की क्वालिटी जांच रिपोर्ट सोमवार को प्रस्तुत करने के लिए कहा।

कलेक्टर ने आगनवाडी केन्द्र क्रं 1 नई आबादी बाजना का निरीक्षण कर जानकारी ली

कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केन्द्र क्रं 1 नई आबादी बाजना का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बच्चों से चर्चा कर भोजन एवं नाश्ते की जानकारी ली। आंगनवाडी कार्यकर्ता से आंगनवाडी में दिए जा रहे पोषण आहार एवं टेक होम राशन की जानकारी ली, आंगनवाड़ी मे दर्ज सभी बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने पोषण ट्रैकर एप पर दर्ज एन्ट्री को देखा एवं सेम/मेम दर्ज बच्चों का समक्ष मे वजन/ऊचाई माप करवाया। कलेक्टर ने बच्चों की दर्ज संख्या अनुसार स्वयं सहायता समूह द्वारा भोजन नहीं दिए जाने पर नाराजगी जाहिर की एवं जांच कर राशि काटने के निर्देश सीईओ जनपद को दिए।
नोडल अधिकारियों ने भ्रमण के दौरान स्कूल/आगनवाडी केन्द्र के बच्चों के साथ भोजन कर भोजन की गुणवत्ता का परीक्षण किया।