विश्व जागृति मिशन इंदौर मंडल के पच्चीस भक्तों ने किया देह और अंगदान का संकल्प

इंदौर । लोक विख्यात संत आचार्य सुधांशुजी महाराज द्वारा स्थापित विश्व जागृति मिशन इंदौर मंडल की नारी शक्ति के तत्वावधान में नारी शक्ति पर्व का आयोजन धार रोड स्थित बाल कृष्णबाग पर आयोजित समारोह में किया गया। इस मौके पर इंदौर मंडल के 25 गुरू भक्तों ने मरणोपरांत अंग और देहदान के संकल्प पत्र भरे। कार्यक्रम में मिशन की राष्ट्रीय योग गुरू डॉ. अर्चिका दीदी (दिल्ली) का जन्मदिन भी धूमधाम से मनाया गया। उन्होंने वीडियो कांफ्रेंस पर प्रेरक संदेश भी दिया।

      कार्यक्रम का शुभारंभ आचार्य सुधांशुजी महाराज के चित्र पूजन के साथ हुआ। गणेश वंदना के बाद श्रीमती स्वीटी शर्मा ने ध्यान साधना के मंत्र बताए। मिशन से जुड़ी नन्हीं बालिकाओं ने राष्ट्रभक्ति से प्रेरित गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां दी। श्रीमती भारती ममनानी ने नारी शक्ति के कर्तव्यों और दायित्वों पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम का सबसे महत्वपूर्ण चरण यह रहा कि ऋषि दधिची देहदान – अंगदान समिति के सदस्य नंदकिशोर व्यास ने जब अंग एवं देहदान की महत्ता बताई तो मिशन के इंदौर मंडल के 25 महिला-पुरुषों द्वारा मरणोपरांत तत्काल देह और अंग दान की शपथ लेते हुए निर्धारित फार्म  भरकर समिति को सौंपे। इस दौरान मिशन के इंदौर मंडल की ओर से देह और अंगदान करने वाले सभी गुरुभक्तों का इंदौर मंडल के प्रधान राजेन्द्र अग्रवाल एवं कृष्णमुरारी शर्मा ने सम्मान किया। आचार्य सुधांशुजी महाराज के सानिध्य में इंदौर में हाल ही संपन्न हुए गुरू पूर्णिमा महोत्सव में सेवाएं देने वाले सभी वरिष्ठजनों महिला एवं युवा संगठनों के सेवादारों को स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। अंत में केन्द्र एवं राज्य शासन के आव्हान के अनुरूप आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में हर घर झंडा, घर-घर झंडा अभियान के अंतर्गत 200 से अधिक गुरू भक्तों को तिरंगे झंडे भेंट किए गए। समापन अवसर पर तिरंगे के साथ देशभक्ति के गीतों पर नाचते, गाते, झूमते हुए सभी गुरू भक्तों ने राष्ट्र के प्रति अपने समर्पण की भावना का इजहार किया। स्नेह भोज, आरती एवं तिरंगा अभियान को सफल बनाने की शपथ के साथ समापन हुआ।