ग्रीन संकल्प अभियान के अंतर्गत भाजपा ने किया पौधारोपण, क्षेत्र के विकास का लिया संकल्प

इंदौर ।भारतीय जनता पार्टी के नगर अध्यक्ष श्री गौरव रणदिवे ने बताया कि प्रदेश भाजपा के आव्हान पर ग्रीन संकल्प अभियान के अंतर्गत राजीव गांधी चौराहा स्थित शिव मंदिर पर भाजपा के महापौर प्रत्याशी श्री पुष्यमित्र भार्गव एवं पार्षद प्रत्याशियों ने एक साथ पौधारोपण किया तथा स्वच्छ, हरा भरा रखने के साथ क्षेत्र के विकास का संकल्प भी लिया।
मुख्यमंत्रीजी एवं प्रदेश अध्यक्ष वर्चुअल जुड़े
भोपाल के टीटी नगर मैदान से मुख्यमंत्री  शिवराजसिंह चौहान ने शुक्रवार सुबह 11 बजे ग्रीन संकल्प अभियान का शुभारंभ किया जिसमे स्थानीय पार्टी के पदाधिकारी एवं पार्षद प्रत्याशी वर्चुअली कार्यक्रम में शामिल हुए। वर्चुअली कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा एवं मुख्यमंत्री श्री चौहान ने संबोधित किया। इसके बाद राजीव गांधी चौराहा स्थित शिव मंदिर पर भाजपा के महापौर प्रत्याशी श्री पुष्यमित्र भार्गव एवं समस्त पार्षद प्रत्याशियों ने एक साथ पौधारोपण किया इसके बाद मुख्यमंत्री श्री चौहान ने अपने अपने क्षेत्र को साफ स्वच्छ एवं क्षेत्र के विकास का संकल्प भी दिलाया। संकल्प के बाद ही माननीय मुख्यमंत्री जी ने वर्चुअली मध्यप्रदेश का संकल्प पत्र भी जारी किया मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने कहा कि आज का यह कार्यक्रम एक अनूठी घटना है। प्रदेश के होने वाले पार्षद, महापौर, नगर पालिका और नगर परिषदों के अध्यक्ष अपने शहर को हरा-भरा रखने और पर्यावरण को सुरक्षित रखने का संकल्प ले रहे हैं। 6 तारीख को होने वाले मतदान से पहले हमारे प्रत्याशी यह संकल्प ले रहे हैं और वे जनप्रतिनिधि के रूप में अपने वार्ड, अपने शहर को, प्रदेश को हरा-भरा बनाकर प्रधानमंत्री जी के स्वच्छ पर्यावरण के अभियान को पूरा करेंगे। चौहान ने कहा कि निकाय चुनाव के लिए आज हम अपना संकल्प पत्र भी जारी कर रहे हैं, जिसमें इन सभी बातों को शामिल किया गया है। श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास, आयुष्मान भारत, उज्जवला, संबल, लाड़ली लक्ष्मी जैसी केंद्र और राज्य सरकारों की करीब 300 योजनाएं हैं, जिनका लाभ हम पात्र हितग्राहियों को दिलाएंगे। नगरों को विकसित और समृद्ध बनाएंगे। इसके लिए हमने मिशन नगरोदय में 21 हजार करोड़ का प्रावधान किया है।
कार्यक्रम में वर्चुअली संबोधित करते हुए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि आज का दिन देश-प्रदेश की राजनीति में एक ऐतिहासिक दिन है, जब जनसेवक चुने जाने से पहले हमारे प्रत्याशी पौधा लगाकर अपने शहर और नगर को ग्रीन-क्लीन रखने का संकल्प ले रहे हैं। शर्मा ने कहा कि निकाय चुनाव में हम एक विजन के साथ उतरे हैं। इसे लेकर हम एक संकल्प पत्र भी जारी कर रहे हैं।