अन्नपूर्णा क्षेत्र अग्रवाल महासंघ के नए संचालक मंडल का सर्वानुमति से गठन

इंदौर । श्री अन्नपूर्णा क्षेत्र अग्रवाल महासंघ की वार्षिक साधारण सभा आज स्कीम नंबर 71 स्थित वीर-वीरेंद्र गार्डन पर संरक्षक किशोर गोयल एवं संस्थापक अध्यक्ष ओमप्रकाश अग्रवाल की विशेष उपस्थिति में संपन्न हुई, जिसमें संगठन के संचालक मंडल के पुनर्गठन, वार्षिक आय-व्यय पत्रक, भावी योजनाओं एवं कन्या विवाह हेतु समाज बंधुओं से सहयोग राशि के संकल्प सहित अनेक महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

वार्षिक साधारण सभा का शुभारंभ अतिथियों एवं वरिष्ठजनों द्वारा महाराजा अग्रसेन के चित्र पूजन के साथ हुआ। वर्ष 2020 -22 के आय-व्यय पत्रक को पारित करने के बाद संचालक मंडल का पुनर्गठन किया गया, जिसकी घोषणा संरक्षक किशोर गोयल ने की। सर्वानुमति से रत्नेश गोयल अध्यक्ष, संजय गोयनका महामंत्री, पिंकेश मोदी संयोजक, मनोज अग्रवाल उपाध्यक्ष, पिंकी अग्रवाल महिला उपाध्यक्ष, सुरेश आर. गुप्ता कोषाध्यक्ष, विष्णु गोयल एवं जगदीश चंद्र बंसल सहमंत्री तथा हितेश गुप्ता प्रचार मंत्री के साथ 11 सदस्यीय कार्यकारिणी का चयन किया गया। नए अध्यक्ष रत्नेश गोयल ने आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा बताई। समाज की दो कन्याओं के विवाह का संकल्प भी किया गया। प्रारंभ में पूर्व अध्यक्ष शिव गर्ग एवं सुरेश गुप्ता ने सबका स्वागत किया। समाज के वरिष्ठजनों ने कन्या विवाह के लिए सहयोग देने के संकल्प व्यक्त किए। अंत में महामंत्री संजय गोयनका ने आभार माना। निवर्तमान अध्यक्ष सुरेश गुप्ता ने भी पिछले संचालक मंडल का आभार माना।