वृंदावन के ख्यात आचार्य अरुणकृष्ण जी महाराज के मुखारविंद से श्रीमद भागवत ज्ञान यज्ञ 23 से

-कई संस्थाओं के पदाधिकारी आयोजन को बना रहे वृहद, शीघ्र होगी बैठक

इंदौर। देवी अहिल्या की नगरी में धार्मिक आयोजनों के साथ ही संत-महात्माओं का सत्संग भी हमेशा जारी रहता है। इसी कड़ी में जल्द ही वृंदावन के प्रख्यात आचार्य श्री अरुणकृष्ण जी महाराज के मुखारविंद से श्रीमद भागवत ज्ञान सप्ताह का आयोजन पश्चिम क्षेत्र में किया जाएगा। इसके लिए अनेक संस्थाएं व्यापक तैयारियों में जुट गई हैं।
भगवान कृष्ण की अनुपम लीलाएं और भवसागर से तारने के लिए श्रीमद भागवत कथा का बड़ा महत्व बताया गया है। पश्चिम क्षेत्र में पद्मालय कॉलोनी स्थित सोमनाथ महादेव मंदिर परिसर में 23 से 29 मार्च तक दिव्य संगीतमय भागवत सप्ताह का आयोजन किया जाना है, इसके लिए पंडित अनंत योगेंद्र महंत मित्र मंडल, पद्मालय कॉलोनी के रहवासी, श्री सोमनाथ महादेव मंदिर के अनुयायी एवं इंदौर सेवा ट्रस्ट के पदाधिकारी कार्ययोजना को अंतिम रूप दे रहे हैं। विश्व ब्राह्मण समाज संघ के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित योगेन्द्र महंत ने बताया कि पश्चिम क्षेत्र में होने वाली दिव्य भागवत कथा की शुरुआत 23 मार्च से दोपहर 3 से 6 तक होगी, जो 29 मार्च तक अनवरत जारी रहेगी। जल्द ही पदाधिकारियों की समन्वय समिति की बैठक आहूत की जाएगी, जिसमें अलग-अलग समितियों का निर्माण तथा अन्य व्यवस्थाओं के लिए किया जाएगा। पंडित योगेंद्र महंत ने बताया कि भागवत कथा का वाचन व्यासपीठ से वृंदावन के ख्यात आचार्य अरुणकृष्ण जी महाराज के द्वारा किया जाएगा। इस भागवत कथा में संगीतमयी प्रस्तुतियां भी प्रतिदिन दी जाएंगी।