विवेकानन्द शिला स्मारक के पत्थर हमें सेवा का संदेश देते हैं : राज्यपाल

सामाजिक समरसता का कार्य आगे बढ़ाएं : संस्कृति मंत्री

एकनाथ जी सभी दलों में स्वीकार्य थे : प्रवीण दाभोलकर

विवेकानन्द शिला स्मारक की स्वर्ण जयंती का समापन समारोह

भोपाल । राज्यपाल श्री मंगुभाई पटेल ने आज यहां कहा कि कन्याकुमारी स्थित विवेकानन्द शिला स्मारक के पत्थर हमे सेवा का संदेश देते हैं | इस द्रष्टि से यह विश्व का अनूठा और एकमात्र स्मारक है | श्री पटेल विवेकानन्द केंद्र कन्याकुमारी मध्यप्रांत भोपाल द्वारा एक भारत विजयी भारत नाम से आयोजित महासंपर्क अभियान के समापन समारोह को सम्बोधित कर रहे थे | यह अभियान विवेकानन्द शिला स्मारक की स्वर्ण जयंती पर आयोजित किया गया था | पूरे देश में यह अभियान चला था | इस अवसर पर अभियान के सम्बन्ध में राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संदेशों की वीडियो क्लिप दिखाई गई | कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्कृति और पर्यटन मंत्री सुश्री उषा सिंह ठाकुर ने की | मुख्य वक्ता थे विवेकानंद केंद्र कन्याकुमारी के राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष प्रवीण दाभोलकर |
राज्यपाल श्री पटेल ने अपने सम्बोधन में कहा कि स्वामी विवेकानन्द से युवा प्रेरणा ले सकते हैं | वे भारत की मूल भावना को स्थापित कर सकते हैं, ताकि हम अपनी पूर्व की वैश्विक स्थिति को पुनः प्राप्त कर सकते हैं | सुश्री उषा सिंह ने कहा कि मेरे पिताजी ने एकनाथ जी रानडे द्वारा छठे दशक में स्मारक के लिए छेड़े गये अभियान में मालवा क्षेत्र में सक्रिय भागीदारी की थी | मेरी शिक्षा भी रामकृष्ण मिशन में हुई | स्वामी जी हमारे प्रेरणास्त्रोत हैं, और हमें युवाओं के साथ मिलकर सामाजिक समरसता के लिए किये जा रहे कार्यो को आगे बढ़ाना चाहिए |
श्री दाभोलकर ने कहा कि 1962 की पराजय के बाद स्मारक की स्थापना से उत्साह का संचार हुआ | रानडे जी ने सात-आठ साल के संघर्ष और परिश्रम से स्मारक की स्थापना की और समूचे राष्ट्र की सहमति प्राप्त की | इससे वे सभी दलों में स्वीकार्य हो गये | यही कारण है कि देश के 35 लाख लोगो ने प्रत्यक्ष रूप से स्मारक के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की | प्रारम्भ में प्रान्त संचालक मनोहर देव ने स्वागत भाषण दिया | आभार प्रान्त प्रमुख भंवर सिंह राजपूत ने माना | संचालन प्रान्त संपर्क प्रमुख अतुल शेठ ने किया | कार्यक्रम में प्रान्त संघचालक अशोक पांडे, माखनलाल पत्रकारिता विश्व विद्यालय के कुलपति प्रो.के.जी.सुरेश, डॉ.अम्बेडकर केन्द्रीय विश्व विद्यालय के कुलपति प्रकाश बरतुनिया, विधायक पी.सी.शर्मा, बेलूर मठ के स्वामी वेदतत्वानन्द पुरी जी महाराज, समाज सेवी शशि भाई सेठ, रवि गगरानी, लेखिका शोभना तिवारी और भाजपा प्रवक्ता नेहा बग्गा सहित नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित थे |