महाराष्ट्र से धर्मसभा विद्वत संघ के अध्यक्ष ब्रह्मचारी निरंजनानंद भी पहुंचे दर्शन करने

इंदौर, । साउथ तुकोगंज स्थित श्रीनाथ मंदिर संस्थान पर चल रहे श्री नवचंडी महायज्ञ में आज वसई, महाराष्ट्र से धर्मसभा विद्वत संघ के अध्यक्ष ब्रह्मचारी निरंजनानंद (वेदमूर्ति धनंजय शास्त्री वैद्य) ने भी यज्ञ देवता के दर्शन किए। तीन दिवसीय इस नवचंडी महायज्ञ के दूसरे दिन आज भी स्थानीय एवं बाहरी भक्तों का मेला जुटा रहा।

       संस्थान के सचिव संजय नामजोशी ने बताया कि आज प्रातःकालीन सत्र में शिर्डी से आए यज्ञाचार्य, वेद मर्मज्ञ आचार्य श्री आनंद शास्त्री लावर के आचार्यत्व में स्थापित देवताओं के पूजन, मंडप पूजन, हिरण्यार्चन, पुष्पार्चन, कुमकुमार्चन, चंडी पाठ एवं सप्तशती पाठ जैसे अनुष्ठान संपन्न हुए। यज्ञाचार्य अनंत शास्त्री ने वर्तमान हालातों में यज्ञ की महत्ता बताते हुए कहा कि दिनोंदिन बढ़ रहे प्रदूषण के इस दौर में यज्ञ जैसी क्रियाएं नियमित रूप से होना चाहिए। मध्यान्ह सत्र में चंडी यज्ञ के पश्चात आरती संपन्न हुई जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने भाग लिया। वेद मूर्ति धनंजय शास्त्री के आगमन पर संस्थान की ओर से आचार्य श्री अनंत शास्त्री ने उनका स्वागत किया।