राष्ट्र को हर षड्यंत्र एवं रोग से मुक्त करने में हम सब भागीदार बनें

राष्ट्र को हर षड्यंत्र एवं रोग से मुक्त करने में हम सब भागीदार बनें

इंदौर,  । अंतराष्ट्रीय रामस्नेही सम्प्रदाय के आचार्य, जगद्गुरु स्वामी रामदयाल महाराज ने कहा है कि इस दीपावली पर हम सबको ऐसा बिगुल बजाने की जरुरत है, जिससे हर षड्यंत्र और हर रोग से हमारा राष्ट्र मुक्त हो सके। राष्ट्र में अनंत समस्याएं हैं, उनके समाधान के लिए सबको मिल-जुलकर प्रयास करना होंगे। आज स्वार्थ, रागद्वेष और महत्वाकांक्षा के अंधकार को मिटाकर संस्कृति, संस्कार और शक्ति सम्मान से भरपूर राष्ट्र के लिए संकल्प जगाने की जरुरत है।

      स्वामी रामदयाल महाराज ने यह संदेश आज रामद्वारा छत्रीबाग पर अपने भक्तों को दर्शन एवं मार्गदर्शन देते हुए दीपावली के अवसर पर अपने संदेश में व्यक्त किए। भक्ति सत्संग सेवा समिति रामद्वारा की ओर से देवेन्द्र मुछाल, रामनिवास मोढ़, रामसहाय विजयवर्गीय, लक्ष्मीकुमार मुछाल एवं गिरधर गोपाल नेमा ने प्रारंभ में आचार्यश्री की अगवानी की। आचार्यश्री दीपावली तक प्रतिदिन छत्रीबाग रामद्वारा पर सुबह 8 से 10.30 बजे तक दर्शन एवं मार्गदर्शन करेंगे। संध्या को 5.50 बजे संध्या आरती एवं राम धुन होगी। रामद्वारा आने वाले भक्तों से कोविड प्रोटोकाल के नियमों का सख्ती से पालन करने का आग्रह किया गया।

      जगदगुरु स्वामी रामदयाल महाराज ने कहा कि इस दीपावली पर सेवा, साधना, उपकार और मर्यादा का दीप जलना चाहिए। मां अहिल्या की इस नगरी में रामद्वारा छत्रीबाग ज्ञान भक्ति और वैराग्य का दिव्य तीर्थ है। यहां से दिया गया संदेश पूरी नगरी एवं सभी राम स्नेही सत्संगीजनों तथा राष्ट्र के लिए भी प्रेरणादायक होगा। हमारा प्रयास यही होना चाहिए कि हम राष्ट्र को ज्वलंत समस्याओं से मुक्त कर समाधान की ओर प्रवृत्त हों।