खजराना गणेश मंदिर पर 10 दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ

खजराना गणेश मंदिर पर 10 दिवसीय महोत्सव का शुभारंभ

इंदौर, । शहर के प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर पर 10 दिवसीय गणेशोत्सव का शुभारंभ आज सुबह कलेक्टर श्री मनीष सिंह, निगमायुक्त श्रीमती प्रतिभा पाल एवं डीआईजी मनीष कपूरिया ने ध्वजापूजन के साथ किया। जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने भी खजराना गणेश के दर्शन पूजन किए। परिसर स्थित सभी मंदिरों पर ध्वजा चढ़ाई गई। मोतियों को चोला भी समर्पित किया गया। भक्त मंडल की ओर से गणेशजी को 51 हजार मोदक का भोग लगाया गया। कलेक्टर एवं अन्य अधिकारियों ने भक्तों को मोदक का प्रसाद भी बांटा। मंदिर पर पहली बार कोरोना प्रोटोकॉल के चलते चलित भजन संध्या का आयोजन हुआ वहीं मंदिर आने वाले भक्तों के मास्क की भी जांच की गई। मंदिर पर आकर्षक विद्युत एवं पुष्पसज्जा की गई है।
भक्त मंडल के अरविंद बागड़ी एवं कैलाश पंच ने प्रारंभ में मंदिर प्रबंधन समिति के सदस्यों एवं अधिकारियों की अगवानी की। मंदिर के पुजारी पं. अशोक भट्ट एवं पं. मोहन भट्ट ने पूजा संपन्न कराई। सुबह से ही मंदिर पर भक्तों की कतारें लगना शुरू हो गई थी। आज दिन भर में 50 हजार से अधिक भक्तों ने दर्शन किए। मंदिर पर भव्य पुष्पबंगला भी सजाया गया था। शहर के संस्कृत विद्यालयों के वेदपाठी बच्चों ने गणपति अथर्वशीर्ष का पाठ किया। शाम को पं. सुरेश शर्मा की चलित भजनांजलि हुई। दर्शन की व्यवस्था महांकाल मंदिर की तर्ज पर होने से दर्शन मंे ज्यादा समय नहीं लगा। भक्तों ने दर्शन करते हुए, बिना रूके भजनों का आनंद लिया। उधर, मंदिर परिसर स्थित अन्नक्षेत्र में भी आज करीब डेढ़ हजार भक्तों ने भोजन प्रसादी का लाभ उठाया। महोत्सव में 11 सितंबर को ऋषि कुमार म्युजिकल ग्रुप, 12 सितं. को गोपाल मिश्रा, 13 को अशोक भैया सरकार, 14 को रामनिराले भक्त मंडल के देवराज शर्मा, 15 को श्रीधर झरकर छोटे पागल बाबा, 16 को सुश्री दया होलकर, 17 को सुमित मधुराज, 18 को कैलाश शर्मा एवं 19 को कविता यादव गणेशजी के चरणों में भजनांजलि प्रस्तुत करेंगे। प्रतिदिन गणेशजी को अनाज के अलग-अलग किस्म के लड्डुओं का भोग संध्या को लगाया जाएगा।