स्थानकवासी श्वेतांबर जैन समाज के पर्युषण महापर्व में प्रवचन के साथ सांस्कृतिक आयोजन भी होंगे

स्थानकवासी श्वेतांबर जैन समाज के पर्युषण महापर्व
में प्रवचन के साथ सांस्कृतिक आयोजन भी होंगे


इंदौर, । श्री वर्धमान श्वेतांबर स्थानकवासी जैन श्रावक संघ ट्रस्ट के तत्वावधान एवं उपाध्याय प्रवर प.पू. प्रवीण ऋषि म.सा. के सान्निध्य में जैन समाज के इतिहास में पहली बार पर्युषण पर्व का उत्सव समाजबंधुओं के घर-घर, दफ्तरों और प्रतिष्ठानों पर मनाया जाएगा। पर्युषण पर्व का शुभारंभ शनिवार 4 सितंबर से हो रहा है। इस दौरान 11 सितंबर तक प्रतिदिन सुबह से लेकर रात 10 बजे तक जीवन से जुड़े विषयों पर प्रवचन, सांस्कृतिक आयोजन एवं आवासीय आराधना के आयोजन होंगे। एरोड्रम रोड स्थित महावीर बाग, आनंद समवशरण पर पर्युषण महापर्व की तैयारियां अंतिम चरण में पहंुच गई है।
उपाध्यायश्री प्रवीण ऋषि म.सा. ने इस बार पर्युषण के लिए स्थानक एवं मंदिरों से बाहर आकर घर-घर और अपने-अपने दफ्तरों तथा प्रतिष्ठानों मंे उत्सव के रूप में मनाने का आव्हान किया है। उन्होंने इसके लिए विमल चौरड़िया को संयोजक का जिम्मा सौंपा है। उनके साथ पीयूष जैन, जिनेश्वर जैन, संतोष मामा एवं सुनीता छजलानी भी इस उत्सव की तैयारियों में भागीदार बनेंगे।
पर्युषण पर्व स्थापना के संयोजक विमल चौरड़िया ने बताया कि चूंकि यह पहला मौका है जब पर्युषण पर्वाधिराज को घर-घर और अन्य स्थानों पर स्थापित किया जाएगा, लिहाजा समिति ने पर्युषण स्थल की आकर्षक सजावट एवं सुंदरता के लिए 21 हजार रू. प्रथम, 11 हजार रू. द्वितीय एवं 5100 रू. तृतीय पुरस्कार देने की घोषणा की है। 11 प्रोत्साहन पुरस्कार 1100-1100 रू. के दिए जाएंगे। दो सितंबर तक यह ‘लोगो’ महावीर बाग से प्राप्त किया जा सकेगा।
उपाध्यायश्री की निश्रा मंे 31 उपवास कर मासखमण की तपस्या करने वाले श्रावक नरेंद्र राठौड का ट्रस्ट एवं चातुर्मास आयोजन समिति की ओर से अभिनंदन किया गया। ट्रस्ट के रमेश भंडारी, जिनेश्वर जैन, संतोष जैन, सुमतिलाल छजलानी, टी.सी. जैन, विमल चौरडिया, सुनीता छजलानी, सुषमा जैन, सुवर्णा ठाकुरिया एवं नीरा मकवाना ने राठौड़ का शॉल-श्रीफल एवं अभिनंदन पत्र भेंट कर सम्मान किया। राठौड के अन्य परिवानजन भी पिछले कई वर्षों से मासखमण की तपस्या करते आ रहे हैं। अन्य तपस्वियों का भी सम्मान किया गया।
आज से पर्युषण पर्व पर होंगे प्रवचन – महावीर बाग पर चल रहे चातुर्मासिक अनुष्ठान में उपाध्याय प्रवर प्रवीण ऋषि म.सा. के प्रवचन प्रतिदिन सुबह 9 से 10 बजे तक हो रहे हैं, जिनका यू ट्यूब पर ऋषि प्रवीण चैनल तथा जूम एप पर ऑनलाईन प्रसारण भी होगा। एक सितंबर से प्रतिदिन इसी समय पर पर्युषण पर केंद्रित प्रवचनों की अमृत वर्षा होगी। कोरोना प्रोटोकॉल का पालन करते हुए उक्त सभी कार्यक्रम हो रहे है।