हंसदास मठ पर सजेगी कृष्ण जन्म की मनोरम झांकी

हंसदास मठ पर सजेगी कृष्ण जन्म की
मनोरम झांकी,

इंदौर, । बड़ा गणपति, पीलियाखाल स्थित प्राचीन हंसदास मठ पर जन्माष्टमी के उपलक्ष्य में सोमवार 30 अगस्त को आकर्षक झांकी का निर्माण किया जा रहा है। भगवान रणछोड़जी का पांच किलो चांदी से आकर्षक श्रृंगार किया जाएगा। जन्म के बाद फूल के आकर्षक हिंडोले-झूले पर लड्डू गोपाल झूला झूलते नजर आएंगे।
मठ के पं. पवनदास शर्मा ने बताया कि मठ पर भगवान राधा-कृष्ण छह फीट ऊंची प्रतिमाएं स्थापित हैं। भगवान के जन्म के पूर्व भगवान रणछोड़जी गरूडजी पर सवार होकर देवकी और वसुदेव को दर्शन देंगे तथा जन्म के बाद वसुदेव भगवान श्रीकृष्ण को यमुना पार नंदगांव पहंुचाएंगे। इस झांकी में आकर्षक फूल के झूले-हिंडोले पर लड्डू गोपाल झूला झूलते नजर आएंगे। मठ पर जन्माष्टमी का पर्व हंस पीठाधीश्वर महामंडलेश्वर स्वामी रामचरण दास महाराज के सान्निध्य में हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा। भगवान राधा-कृष्ण सहित सभी देवी-देवताओं के विग्रहों को नई पोशाक धारण कराई जा रही है। समूचे मठ परिसर को आकर्षक बहुरंगी रोशनी से सजाया जा रहा है। भगवान रणछोड़जी का पांच किलो चांदी से रजत श्रृंगार किया गया है जिसमें चारों हाथ, पदम, शंख, गदा, कमल आदि भी शामिल हैं। हंस पीठाधीश्वर स्वामी रामचरणदास महाराज पूजन कर यह श्रृंगार समर्पित करेंगे। कृष्ण जन्म के पूर्व रात 11.30 बजे भगवान शालिग्राम का पंचामृत से अभिषेक होगा तथा ठीक रात 12 बजे ‘भय प्रकट गोपाला दीनदयाला के उदघोष के साथ जन्मोत्सव की महाआरती होगी। पंजेरी एवं माखन मिश्री तथा फल का प्रसाद वितरण कोरोना गाइड लाइन का पालन करते हुए किया जाएगा। मठ के इस उत्सव का फेसबुक पर लाईव दर्शन भी प्रसाारित होगा।