‘स्‍वच्‍छता ही सेवा’ अभियान के तहत वृक्षारोपण एवं खेलकूद कार्यक्रम आयोजित

रतलाम, 21 सितम्बर। पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल में 17 सितम्बर से 2 अक्टूबर 2025 तक चल रहे ‘ स्‍वच्‍छता ही सेवा अभियान ‘ के अंतर्गत जन-जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से 20 एवं 21 सितम्बर को विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए।
20 सितम्बर को रतलाम, नीमच, चित्‍तौड़गढ़ एवं इंदौर में रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों की सहभागिता से स्‍वच्‍छ भारत मिशन के तहत क्रिकेट, फुटबॉल और टेबल टेनिस प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसमें उत्साहपूर्वक बड़ी संख्या में प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया।
इसके उपरांत, 21 सितम्बर को मंडल के विभिन्न स्टेशनों, रेलवे कॉलोनियों, कार्यालयों और कार्यशालाओं में गहन वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान इंदौर, उज्जैन, रतलाम, नागदा, नीमच, मंदसौर, देवास, दाहोद, डॉ. अम्बेडकर नगर सहित अन्य स्थानों पर अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा 100 से अधिक लोकेशनों पर 1025 से अधिक पौधे लगाए गए तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया गया।
साथ ही, मंडल के विभिन्न स्टेशनों, कॉलोनियों एवं कार्यालय परिसरों में पूर्व निर्धारित स्थानों पर गहन स्वच्छता अभियान भी चलाया गया, जिससे परिसर स्वच्छ और पर्यावरण अनुकूल बने रहें।