रतलाम 18 सितंबर। म.प्र. जन अभियान परिषद् के सहयोग से राज्य आनंद संस्थान, आनंद विभाग, मध्यप्रदेश शासन द्वारा प्रदेश के शासकीय कर्मचारियों में आनंद की अनुभूति कराने, मानसिक संतुलन बनाए रखने तथा दैनिक जीवन और कार्यों में सकारात्मक भाव बढ़ाने के उद्देश्य से अल्पविराम परिचय कार्यशालाओं का आयोजन किया जा रहा है।
राज्य आनंद संस्थान का अल्पविराम कार्यक्रम शासकीय सेवकों को कार्य के दबाव और व्यस्त दिनचर्या से थोड़े समय का ठहराव देकर उनमें सकारात्मक सोच, आत्मीय संवाद, मानसिक शांति, भावनात्मक संतुलन और आपसी सहयोग की भावना विकसित करने का एक अभिनव प्रयास है। इस कार्यक्रम से सेवकों को नई ऊर्जा, रचनात्मकता और संतोष प्राप्त होता है।
जिले के विभिन्न विकासखण्डों में कार्यशालाएँ इस प्रकार आयोजित की जाएँगी 23 सितंबर 2025 को जावरा में, 24 सितंबर 2025 को पिपलौदा में, 25 सितंबर 2025 को आलोट में, 26 सितंबर 2025 को रतलाम में, 29 सितंबर 2025 को बाजना में, 30 सितंबर 2025 को सैलाना में आयोजित की जावेगी।
इन कार्यशालाओं में ब्लॉक स्तर पर शासकीय सेवकों को आमंत्रित किया जाएगा। विशेष तौर पर कृषि, पशुपालन, उद्यानिकी, मत्स्य पालन, राजस्व, स्वास्थ्य, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, नगरीय निकाय, महिला एवं बाल विकास, सामाजिक न्याय तथा पुलिस विभाग के सेवकों को प्राथमिकता दी जाएगी।
कार्यशालाओं का आयोजन विकासखंड समन्वयक, जिला संपर्क व्यक्ति एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जनपद पंचायत के सहयोग से किया जाएगा। प्रशिक्षण का संचालन राज्य आनंद संस्थान के प्रशिक्षकों द्वारा किया जाएगा तथा जिले की जिला संपर्क व्यक्ति श्रीमती सीमा अग्निहोत्री के मार्गदर्शन में विकासखण्ड स्तरीय प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।


