पूणे से इन्दौर की 7 दिवसीय यात्रा में यशवंतराव होलकर की शौर्यगाथा व वीरता का करेंगे बखान
प्रतिमा लोकार्पण से पूर्व शहर में निकलेगी भव्य शौर्ययात्रा, चार पहिया व दो पहिया वाहन में संवार होकर होलकर राजवंश का इतिहास बयां करेंगे युवा
13 मई शनिवार को शहर में निकलेगी भव्य शौर्ययात्रा
इन्दौर । शौर्ययात्रा एवं प्रतिमा स्थापना समिति इन्दौर एवं नगर निगम के संयुक्त तत्वावधान में महाराजा यशवंतराव होलकर (प्रथम) की प्रतिमा का अनावरण कार्यक्रम शनिवार 13 मई को शाम 7 बजे कनाडिय़ा चौराहा पर आयोजित किया गया है। इन्दौर में प्रतिमा अनावरण से पूर्व महाराजा यशवंतराव होलकर की प्रतिकात्मक प्रतिमा पूणे से रथ के माध्यम से इन्दौर आएगी। पूणे से इन्दौर तक के मार्ग में सभी आमजनों को महाराजा यशवंतराव होलकर की शौर्यगाथा, पराक्रम व वीरता का बखान भी इस दौरान किया जाएगा। सात दिवसीय इस यात्रा की शुरूआत रविवार 7 मई को पूणे में प्रतिमा पूजन से होगी।
शौर्ययात्रा एवं प्रतिमा स्थापना समिति संयोजक सुधीर देडग़े, सहसंयोजक रविन्द्र भुसारी ने बताया कि श्रीमंत यशवंतराव होलकर (प्रथम) ने मराठा साम्राज्य को स्थापित करने में महती भूमिका निभाई है। उनके द्वारा अंग्रेजों के शासन काल में लड़े गए 18 युद्धों को नहीं भुलाया जा सकता। उनके शौर्य, पराक्रम और वीरता को जनमानस तक पहुंचाने के उद्देश्य से पूणे से इन्दौर तक भव्य शौर्ययात्रा निकाली जा रही है। 7 से 13 मई तक निकलने वाली इस यात्रा के मार्ग में सभी जनमानस को यशवंतराव होलकर के इतिहास से रूबरू कराया जाएगा।
पूणे से होगी शौर्ययात्रा की शुरूआत- संयोजक सुधीर देडग़े ने बताया कि शनिवार 13 मई को शाम 7 बजे कनाडिय़ा चौराहे पर श्रीमंत यशवंतराव होलकर (प्रथम) की प्रतिमा का अनावरण समारोह आयोजित होगा। अनावरण कार्यक्रम से पूर्व सात दिवसीय भव्य शौर्ययात्रा की शुरूआत पूणे से होगी। रविवार 7 मई को प्रतिमा पूजन के साथ ही पूणे में यशवंतराव होलकर की प्रतिमा का नगर भ्रमण कार्यक्रम होगा। नगर भ्रमण के पश्चात यह यात्रा इन्दौर के लिए प्रस्थान करेगी। पूणे से इन्दौर तक के मार्ग में सभी को श्रीमंत यशवंतराव होलकर के इतिहास के साथ ही उनके शौर्य, वीरता व पराक्रम से परिचित कराया जाएगा। 7 से 13 मई तक आयोजित इस शौर्ययात्रा में बड़ी संख्या में जनमानस शामिल होंगे।
13 मई को इन्दौर में निकलेगी शौर्ययात्रा-
पूणे से इन्दौर की यह शौर्ययात्रा 13 मई को शहर पहुंचेगी। इसी दिन ऊषा नगर स्थित महाराजा यशवंतराव होलकर स्कूल से भव्य शौर्ययात्रा दोपहर 3 बजे निकाली जाएगी। शौर्ययात्रा में दो पहिया एवं चार पहिया वाहन पर महिला, पुरूष, युवा व युवती शामिल होंगे जो महाराजा यशवंतराव होलकर के इतिहास से शहरवासियों को रूबरू कराएंगे। ऊषा नगर से प्रारंभ शौर्ययात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए कनाडिय़ा चौराहा पहुंचेगी जहां इस यात्रा का समापन होगा।
13 फीट लंबी है प्रतिमा-शौर्ययात्रा में श्रीमंत यशवंतराव होलकर (प्रथम) की अश्वारूढ़ प्रतिमा जो कि ब्रांज धातु से बनकर तैयार की गई है। 13 फीट लंबी और ढ़ाई टन वजनी इस प्रतिकात्मक प्रतिमा की शोभायात्रा पूणे से इन्दौर तक निकलेगी। प्रसिद्ध मूर्तिकार विवेक खटावकर ने 10 माह में इस प्रतिमा को आकार दिया है। फाईबर प्रतिरूप की प्रतिमा पूणे से भव्य शौर्ययात्रा के माध्यम से इन्दौर तक आएगी।


