गो दुग्ध से भगवती के अभिषेक के साथ विद्याधाम पर प्रकाशोत्सव का शुभारंभ

इंदौर,  ।  विमानतल मार्ग स्थित श्री श्रीविद्याधाम पर मंदिर के 28 वें प्रकाशोत्सव का शुभारंभ  आश्रम के महामंडलेश्वर स्वामी चिन्मयानंद सरस्वती के सानिध्य एवं आचार्य पं. राजेश शर्मा के निर्देशन में ध्वजारोहण, गणेश पूजन, पंचाग कर्म एवं भगवती मां पराम्बा के षोडशोपचार पूजन के साथ हुआ। गुप्त नवरात्रि के उपलक्ष्य में प्रतिदिन भगवती का नूतन श्रृंगार भी होगा।

आश्रम परिवार के यदुनंदन माहेश्वरी, राम ऐरन एवं राजेंद्र महाजन ने बताया कि ब्रह्मलीन महामंडलेश्वर एवं आश्रम के संस्थापक स्वामी गिरिजानंद सरस्वती ‘भगवन’  की प्रेरणा से इस अनुष्ठान में भगवती के एक हजार नामों से ललिताम्बा महायज्ञ में प्रतिदिन आहुतियां समर्पित की जाएंगी। आचार्य पं. राहुल शर्मा एवं पं. योगेश पाराशर सहित 11 विद्वान यज्ञकर्म का संचालन करेंगे। महायज्ञ में आश्रम के 31 विद्वान शामिल होंगे। प्रतिदिन षोडशोपचार पूजन एवं ललिता सहस्त्र नामावली से लक्षार्चन आराधना एवं सायं  108 दीपों से महाआरती के आयोजन होंगे।

आश्रम परिवार के सुरेश शाहरा, पं. दिनेश शर्मा, पूनमचंद अग्रवाल ने बताया कि नर्मदा जयंती पर पूज्य ‘भगवन’ के श्री विग्रह के प्रकाशोत्सव पर पादुका पूजन, षोडशोपचार पूजन, अभिषेक एवं आरती के बाद सायं  मां पर पराम्बा  ललिता महात्रिपुर सुंदरी श्री श्रीविद्याधाम के नौका विहार की जीवंत झांकी के दर्शन होंगे। महाअष्टमी रविवार को सायं 5 से मां अपने भक्तों को दर्शन देने नगर भ्रमण पर निकलेगी। सायं 6 बजे छप्पन भोग दर्शन होंगे। महा नवमी सोमवार 30 जनवरी को भव्य मनोहारी पुष्प बंगला, सायं 6 से सजेगा, जिसमें मां के दिव्य दर्शन होंगे। मंदिर के प्रकाशोत्सव के उपलक्ष में अनेक जाने-माने संत एवं विशिष्ट अतिथि भी आएंगे।