चारों धाम आपके घर में हैं – महापौर प्रहलाद पटेल
रतलाम। प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय द्वारा आयोजित शिव जयंती महोत्सव के अंतर्गत राजीव गांधी सिविक सेंटर सेवा केंद्र पर भव्य कार्यक्रम संपन्न हुआ। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नगर निगम रतलाम के महापौर श्री प्रहलाद पटेल रहे।
महापौर श्री पटेल ने अपने उद्बोधन में कहा कि कठिन परिस्थितियों में भी मुस्कुराते हुए आगे बढ़ना जीवन को सरल बना देता है। यदि व्यक्ति प्रतिदिन एक घंटा परमात्मा का ध्यान कर प्रत्येक कार्य आनंदपूर्वक करे, तो वही सच्चा ध्यान है। उन्होंने कहा कि घर में माता-बहनें प्रेमपूर्वक भोजन बनाएँ और परिवारजन उसे प्रसाद स्वरूप ग्रहण करें, तो घर ही मंदिर बन सकता है। यदि चारों धाम की यात्रा करनी है, तो अपने घर में उपस्थित माता-पिता और गुरुओं का सम्मान करना ही सच्ची चारधाम यात्रा है।
मुख्य सेवा केंद्र संचालिका राजयोगिनी मनोरमा दीदी ने कहा कि उपवास का वास्तविक अर्थ है — परमात्मा की स्मृति में रहकर हर कर्म करना। जागरण का अर्थ है — समझदारी और सजगता से जीवन जीना। आक और धतूरे के पुष्प चढ़ाने का प्रतीक है अपनी बुराइयों और कमजोरियों को परमात्मा को अर्पित कर दिव्य गुणों को धारण करना। तीन पत्तों वाला बेलपत्र स्थापना, पालन और संहार की शक्तियों का प्रतीक है, तथा शिवलिंग पर त्रिपुंड तीनों लोकों के स्वामी का द्योतक है।
विशेष अतिथि इनर व्हील क्लब की पूर्व अध्यक्ष बहन मनमीन कौर ने कहा कि हम सौभाग्यशाली हैं कि हमें श्रेष्ठ कर्म करने का अवसर मिला है। दाता भाव में रहने से सच्ची खुशी मिलती है, और यही जीवन की सबसे बड़ी उपलब्धि है।
विशेष अतिथि वार्ड पार्षद बहन मनीषा चौहान ने सभी को शिव जयंती की शुभकामनाएँ दीं।
कार्यक्रम का शुभारंभ तीन मिनट परमात्मा स्मृति के साथ किया गया। अतिथियों का स्वागत बी.के. नीलम बहन, पूजा बहन एवं मंजुला बहन द्वारा तिलक, अक्षत, पुष्पगुच्छ और दुपट्टा पहनाकर किया गया। स्वागत नृत्य कुमारी हिमानी व्यास ने प्रस्तुत किया। तत्पश्चात जगत नियंता शिव बाबा का ध्वज अतिथियों एवं उपस्थित भाई-बहनों द्वारा फहराया गया। कार्यक्रम के अंत में भोग-प्रसादी वितरित की गई।
कार्यक्रम में सर्वश्री विजय सिंह चौहान, राजकुमार जैन, चंद्र सिंह पवार, राजेंद्र प्रसाद शर्मा, लोकेंद्र पाल सिंह, लक्ष्मण सिंह सोनी, मनोज सोनी, वीरेंद्र सोनी, ललित केसवानी, राजेश मोडिया, भूपेंद्र सिंह देवड़ा, जीवनदास बैरागी, शांतिलाल परिहार, कमलेश श्रीवास्तव, संजय पालीवाल, शुभम पालीवाल, कृष्ण कुमार चौहान, मनीष राठौर, विनोद मीणा, रितिका केसवानी, यजस्वी मोडिया, सोनाली पाल, वर्षा चावड़ा, पूजा केवलानी, भारती कुशवाहा, गंगा देवी ओझा, मधु श्रीवास्तव, मधु केसवानी, भावना व्यास, निर्मल सोनी, श्वेता सोनी सहित बड़ी संख्या में भाई-बहन उपस्थित रहे।


