बच्चों की आवश्यकताओं का हमेशा ध्यान रखें यह भविष्य की नींव है- अध्यक्ष निलेश पोरवाल

रतलाम।  बच्चे हमारे देश का भविष्य है समाज के भावी नागरिक है जिनके कंधों पर देश का भविष्य टिका हुआ है इसलिए हमें इनकी मजबूती और आवश्यकताओं को दृष्टिगत रखते हुए हर समय इनकी मदद के लिए तत्पर रहना चाहिए विशेष कर समाज सेवी संस्थाएं ग्रामीण क्षेत्र के स्कूलों में बच्चों की आवश्यकताओं का ध्यान रखें ताकि उन्हें अपने लक्ष्य को प्राप्ति करने में किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
उपरोक्त विचार एकीकृत माध्यमिक एवं प्राथमिक विद्यालय बोरवना डोसीगांव में अध्यनरत विद्यार्थियों को गरम स्वेटर वितरित करते हुए लायंस क्लब एक्टिव के अध्यक्ष निलेश पोरवाल ने कहे। आपने कहा कि हमारा दायित्व है कि हम स्कूली विद्यार्थियों को अध्ययन में किसी प्रकार का व्यवधान ना आने दे। कार्यक्रम के विशेष अतिथि शिक्षक सांस्कृतिक मंच के अध्यक्ष दिनेश शर्मा ने कहा कि ग्रामीण अंचल में आज भी बच्चों की मूलभूत आवश्यकताओं का ध्यान रखना सरकार के लिए चुनौती बना हुआ है इसलिए शिक्षण व्यवस्था के साथ-साथ उनकी व्यक्तिगत समस्याओं और आवश्यकताओं को समाज सेवी संस्थाएं दूर कर सकती है इस दिशा में लायस साफ रतलाम के समस्त क्लब लगे हुए हैं और मुस्तैदी से यह पुनीत सेवा कार्य कर रहे हैं विशेष कर शीत ऋतु में बच्चों को गर्म कपड़ों की महती आवश्यकता होती है जिसे लायंस क्लब द्वारा पूरा किया जा रहा है।
वरिष्ठ लायन सुनील के जैन ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के स्कूलों में प्रतिभाएं बहुत है उन्हें तराशने की जरूरत है उनकी आवश्यकताओं का ख्याल रखना होगा तभी वे अपना भविष्य संभाल पाएंगे रीजन चेयर पर्सन सचिव नीरज सुरोलिया ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों में शिक्षा के प्रति उत्साह जगाना होगा इसलिए वार्षिक उत्सव धूमधाम से मनाना चाहिए जिससे बच्चों की प्रतिभाएं बाहर निकलेगी।
आरंभ में मां सरस्वती की पूजा अर्चना अतिथियों ने माल्यार्पण कर की बच्चों ने सरस्वती वंदना प्रस्तुत की अतिथियों का स्वागत प्रधान अध्यापिका शशि यादव तथा अन्य शिक्षकों द्वारा किया गया। कार्यक्रम का संचालन लायन दिलीप वर्मा ने किया इस अवसर पर लायंस क्लब एक्टिव द्वारा विद्यार्थियों को 40 स्वेटर वितरित किए गए एवं भविष्य में फर्नीचर प्रदान करने की घोषणा भी की।