शिक्षा विभाग की योजनाओं की समीक्षा बैठक संपन्न
रतलाम 7 जनवरी। कलेक्टर श्रीमती मिशा सिंह की अध्यक्षता में शिक्षा विभाग, एवं जनजातीय कार्य विभाग द्वारा चलाए जा रहे कार्यक्रमों और योजनाओं की समीक्षा बैठक कलेक्टर सभाकक्ष में संपन्न हुई। बैठक में कलेक्टर ने निर्देशित किया कि शिक्षा विभाग के अधिकारी शीत लहर को दृष्टिगत रखते हुए स्कूलों के संचालन के समय में पहल करते हुए आवश्यक दिशा निर्देश जारी करें। अत्यधिक ठंड होने की स्थिति में स्कूलों का संचालन का समय परिवर्तित कराया जाए। बैठक के दौरान शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बताया कि रतलाम जिले की प्रदेश स्तर पर राज्य छात्रवृत्ति के मामले में 12वीं रैंक, एमपी टॉस के मामले में 24 वी रैंक, अपार आईडी बनाने में 11वीं रैंक, परीक्षा पर चर्चा पंजीयन मामले में 23 वी रैंक है । कलेक्टर ने सभी प्रकार के लंबित मामलों में आधार कार्ड, समग्र आईडी एवं जाति प्रमाण पत्र की ऑनलाइन प्रविष्टि के आंकड़ों में शुद्धता लाकर विद्यार्थियों के अकाउंट अप टू डेट करने निर्देश दिए। विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति एवं अन्य हित लाभ मिल सके ,इसके लिए उन्होंने मामलों की लाइन लिस्टिंग करके राजस्व अधिकारियों से समन्वय कर डाटा अपडेट करने के निर्देश दिए। कार्यक्रम में प्रगति लाने के लिए 10 दिवस की समय सीमा निर्धारित की गई। निशुल्क पाठ्यपुस्तक वितरण के मामले में 9वीं से 12 वीं के बच्चों का डाटा नहीं होने के कारण असंतोष व्यक्त करते हुए विकासखंड शिक्षा अधिकारी आलोट को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश दिए। साइकिल वितरण का स्कूल के प्रिंसिपल से वेरिफिकेशन करवाने तथा विकास खंडवार डाटा प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने शिक्षा विभाग संबंधी सांदीपनि सी एम राइज स्कूल भवन निर्माण संबंधी कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए स्वयं भ्रमण करने की बात कही। उन्होंने निर्देशित किया कि फरवरी माह के अंत तक जिले में शिक्षा विभाग से संबंधी जर्जर भवनों की सूची तैयार की जाए, एवं पी डब्लू डी से समन्वय स्थापित कर डिस्मेंटल की कार्रवाई कर जर्जर भवनों को गिराया जाए। उन्होंने कहा कि जहां स्कूल शिक्षा विभाग के भवन रिक्त हो उनकी भी जानकारी प्रस्तुत की जाए ताकि अन्य विभाग को भवन आवंटित किए जा सके। बैठक में पीएम श्री स्कूल, लैपटॉप वितरण भुगतान राशि, आदि की विस्तार से समीक्षा की गई। कलेक्टर ने शिक्षा विभाग एवं ट्रायबल विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और जिले के शत प्रतिशत बच्चों का प्रत्येक स्थिति में शाला में पंजीयन होना सुनिश्चित करें, इस संबंध में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा वेरिफिकेशन कराया जाए। उन्होंने सभी बच्चों का ऑनलाइन पंजीयन करने के निर्देश दिए उन्होंने कहा कि जो बच्चे बीच में अध्ययन छोड़ देते हैं उन्हें ब्रिज कोर्स कराकर शिक्षा की मुख्य धारा से जोड़ा जाए। ऑनलाइन पंजीयन एवं अपडेशन संबंधी सभी कार्य एक सप्ताह की समय सीमा में पूर्ण किया जाए। गणवेश वितरण कार्य का वेरिफिकेशन कराया जाए। सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्रीमती रंजना सिंह ने सिविल सेवा प्रोत्साहन योजना, महर्षि वाल्मीकि योजना, साइकिल प्रदाय योजना तथा प्रतिभा योजना, छात्रवृत्ति भुगतान हेतु ई केवाईसी की जानकारी प्रस्तुत की। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि जिन कार्यक्रमों के संबंध में बजट को लेकर समस्या हो उस विषय में राज्य स्तरीय अधिकारियों से चर्चा कराई जाए।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सभी छात्रावासों में निरीक्षण करते हुए आवश्यकता अनुसार लाइट, भोजन की गुणवत्ता, राशन की गुणवत्ता, हाइजीन एवं सेनिटेशन, आवश्यकता अनुसार पुताई आदि व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें ताकि विद्यार्थियों को परेशानी ना हो, बैठक में सी एम राइज स्कूलों में छात्रवृत्ति, भवन निर्माण कार्य की जानकारी, धरती आबा ग्राम उत्कर्ष अभियान , पीएम जनजातीय उन्नत ग्राम अभियान आदि के संबंध में विस्तार से जानकारी प्रस्तुत की गई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत सुश्री वैशाली जैन, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती अनीता सागर तथा श्री जितेंद्र जोशी सहित संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।



