तंबाकू मुक्त युवा अभियान अंतर्गत निजी स्कूल में जागरूकता गतिविधि आयोजित की गई

रतलाम । मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर संध्या बेलसर ने बताया कि रतलाम जिले में तंबाकू मुक्त युवा अभियान 3.0 के अंतर्गत शासकीय और प्राइवेट स्कूलों में विभागीय अधिकारी कर्मचारी गतिविधियां आयोजित कर कार्यक्रम का संचालन कर रहे हैं। इस क्रम में रतलाम शहर के सेंट जोसेफ कॉन्वेंट स्कूल में स्वास्थ्य विभाग पुलिस विभाग और समाज सेवी संस्थाओं के संयुक्त तत्वावधान में जन जागरूकता गतिविधियां आयोजित की गई। कार्यक्रम में उपसंचालक सामाजिक न्याय विभाग श्रीमती संध्या शर्मा , पुलिस विभाग के अधिकारी श्री अजय सारवन , सुश्री पार्वती गौरे, स्वास्थ्य विभाग से तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम की नोडल अधिकारी डॉ शिरीन खान , ओरल कैंसर स्पेशलिस्ट डॉ दिनाकरण परमजोदी , मध्य प्रदेश कैंसर सोसायटी के आजीवन सदस्य श्री अशोक अग्रवाल , योग प्रशिक्षक सुश्री आशा दुबे , आदित्य उपस्थित होकर स्कूली बच्चों को तंबाकू मुक्त रहने और किसी भी प्रकार के नशे से दूर रहने का संकल्प दिलाया।
कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि नशे के कारण अनेक प्रकार की सामाजिक और शारीरिक समस्या उत्पन्न होती है जो मानव जीवन के लिए खतरा पैदा करती है इसलिए किसी भी रूप में किसी भी प्रकार का नशा नहीं करना चाहिए तथा अपने परिजनों को भी नशा छोड़ने के लिए प्रेरित करना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान श्री अशोक अग्रवाल ने तंबाकू के खतरों के संबंध में पोस्टर का विमोचन कराया। इस अवसर पर जन जागरूकता गतिविधियों के रूप में सांकेतिक रैली का भी आयोजन किया गया। उपस्थित चिकित्सक डॉ शिरीन खान ने बताया कि कोटपा अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार किसी भी शासकीय विद्यालय परिसर के आसपास 100 गज के दायरे में तंबाकू उत्पादों का विक्रय नहीं किया जाना चाहिए , 18 वर्ष से कम आयु के बच्चों द्वारा तंबाकू पदार्थ के क्रय एवं विक्रय दोनों पर प्रतिबंध है ऐसा करने पर 200 रुपए तक का जुर्माना किया जाने का प्रावधान है। कार्यक्रम के दौरान बताया गया कि तंबाकू उत्पादों जैसे गुटखा, पाउच, खैनी, जर्दा , सिगरेट , ई -सिगरेट, बीडी आदि के उपयोग से कैंसर , हाई ब्लड प्रेशर, स्ट्रोक, नपुंसकता जैसी अनेक बीमारियां जन्म लेती है। इसलिए इनका उपयोग किसी भी स्थिति में नहीं करना चाहिए।