सब्जी, फल व अन्य फुटकर व्यवसायी निर्धारित स्थलों पर करें अपना व्यवसाय-महापौर प्रहलाद पटेल

रतलाम 18 नवम्बर । नगर के व्यावसायिक क्षेत्र व प्रमुख मार्गो पर आये दिन लगने वाले जाम की समस्या के निदान, आवागमन तथा यातायात व्यवस्था दृष्टिगत व नगर को सुन्दर बनाने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा सब्जी, फल एवं अन्य फुटकर व्यापारियों को निर्धारित स्थल पर अपना व्यवसाय करने हेतु निगम द्वारा की जा रही कार्यवाही के तहत महापौर प्रहलाद पटेल ने फुटकर व्यापारियों को नगर हित में निर्धारित स्थलों पर अपना व्यवसाय करने की समझाईश दी।
महापौर प्रहलाद पटेल ने इस अवसर पर बताया कि नगर निगम द्वारा यातायात सुविधा के दृष्टिगत व नगर को सुन्दर बनाने हेतु नगर के विभिन्न क्षेत्रों में सड़क के पास जमीन पर बैठकर, ठेले व गुमटियों में व्यवसाय करने वालो को निर्धारित स्थलों पर शिफ्ट किया रहा है। इस कार्यवाही से अब नगर के व्यावसायिक क्षेत्र व अन्य स्थान यातायात सुगम होकर नागरिकों को आने-जाने में सुविधा हुई है। नगर निगम द्वारा सब्जी, फल व अन्य फुटकर सामग्री विक्रेताओं हेतु काशीनाथ का नोहरा, डॉ0 देवीसिंह की गली, साहू बावड़ी, ईदगाह रोड, अमृत सागर तालाब आदि स्थल निर्धारित किये गये है जिससे वे अपना व्यवसाय सुगमता से कर सकेंगे व यातायात भी बाधित नहीं होगा तथा शहर सुन्दर व व्यवस्थित होगा। नगर निगम की यह कार्यवाही निरंतर जारी रहेगी।
इसके अलावा फुटपाथ या सड़क पर चार पहिया वाहन पार्क पाये जाने पर यातायात पुलिस व नगर निगम द्वारा वाहन जब्ती की कार्यवाही की जायेगी जिसकी समस्त जवाबदारी वाहन मालिक की होगी।