72 वें महारूद्र यज्ञ का स्वामी श्री प्रणवानंद जी करेंगे शुभारंभ

रतलाम 18  नवम्बर । श्री सनातन धर्म सभा एवं महारूद्र यज्ञ समिति रतलाम के तत्वाधान मे त्रिवेणी के पावन धाम पर प्रतिवर्ष होने वाले श्री महारुद्र यज्ञ के 72वें वर्ष के आयोजन के अवसर पर इस वर्ष 1008 महामंडलेश्वर स्वामी श्री प्रणवानंद जी महाराज आशीर्वचन देने हेतु पधारेंगे।
समिति अध्यक्ष अनिल झालानी एवं सचिव नवनीत सोनी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि ओंकारेश्वर तिर्थ स्थित सुप्रसिद्ध मार्कंडेय सन्यास आश्रम के तपस्वी एवं विरक्त संत वैदिक विद्वान महामंडलेश्वर स्वामी श्री प्रणवानंद जी महाराज ने आगामी 11 दिसंबर 2025 को महारुद्र यज्ञ के शुभारंभ दिवस पर ध्वजारोहण एवं अग्नि प्रवेश कार्यक्रम मे पधारने की स्वीकृति प्रदान कर दी है।
10 दिसंबर को बागड़ों का वास स्थित श्री चौमुखा महादेव पर अभिषेक के साथ प्रारंभ होकर 21 दिसंबर तक चलने वाले इस बारह दिवसीय दिव्य धार्मिक अनुष्ठान के आयोजन की तैयारियों से संबंधित विषयों को लेकर आगामी 20 नवंबर गुरुवार को समिति के पदाधिकारियों, वरिष्ठ सहयोगियों नियमित सेवार्थियों एवं कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई है।