मंडल कार्यालय रतलाम में मनाई गई राष्‍ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर जयंती

रतलाम, 24 सितम्बर। राजभाषा पखवाड़ा के अंतर्गत मंडल कार्यालय में राष्ट्रकवि रामधारी सिंह दिनकर की जयंती बड़े उत्साह के साथ मनाई गई। इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक श्री अश्वनी कुमार सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दिनकर जी की प्रसिद्ध रचनाओं का सस्वर पाठ किया।
मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित वक्ता डॉ. कमला शर्मा ने दिनकर जी के जीवन संघर्ष, उनकी साहित्यिक यात्रा और सृजनशीलता के विविध पहलुओं पर विस्तृत, सारगर्भित एवं ज्ञानवर्धक व्याख्यान प्रस्तुत किया। उन्होंने दिनकर जी की कृतियों में निहित राष्ट्रभक्ति और सामाजिक सरोकारों को विशेष रूप से रेखांकित किया।
अपने उद्बोधन में मंडल रेल प्रबंधक श्री अश्वनी कुमार ने कहा कि दिनकर जी की रचनाएं आज भी उतनी ही प्रासंगिक हैं, क्योंकि उनमें राष्ट्रप्रेम और समाज के प्रति गहरी प्रतिबद्धता झलकती है। कार्यक्रम के दौरान राजभाषा पखवाड़ा के अंतर्गत कर्मचारियों के लिए प्रश्न मंच का भी आयोजन किया गया, जिसमें प्रतिभागियों से राजभाषा से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे गए।