रतलाम मंडल में “स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान” के तहत शिविर का आयोजन

रतलाम, 19 सितम्बर। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल में 19 सितम्बर 2025 को महिलाओं के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से “स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान” के तहत नि:शुल्‍क जांच शिविर का आयोजन किया गया । यह राष्ट्रव्यापी पहल माननीय प्रधानमंत्री द्वारा उद्घाटित की गई है, जिसका मुख्य उद्देश्य निवारक स्वास्थ्य सेवाओं, जन-जागरूकता कार्यक्रमों एवं सामुदायिक भागीदारी के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाना और स्वस्थ परिवार एवं सशक्त समाज की नींव रखना है।
रतलाम मंडल में यह कार्यक्रम मंडल रेलवे चिकित्सालय, पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन रतलाम मंडल तथा अरविंदो हॉस्पिटल इंदौर के संयुक्त तत्वावधान में मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय स्थित एनेक्सी हॉल में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक श्री अश्वनी कुमार द्वारा पश्चिम रेलवे महिला कल्याण संगठन रतलाम मंडल की अध्यक्षा डॉ. अर्चना शर्मा, डॉक्टरों एवं वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर डॉ. अनामिका अवस्थी (सहायक मुख्य चिकित्सा अधीक्षक), वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. महेंद्र टटवाड़े, डॉ. मनोज केला (अरविंदो हॉस्पिटल), डॉ. निमिषा जोशी (मंडल चिकित्सा अधिकारी) सहित मंडल के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक श्री अश्वनी कुमार ने कहा कि भारतीय समाज में नारी का विशेष महत्व है, लेकिन आज भी महिलाओं की शिक्षा और स्वास्थ्य पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जाता। महिलाएं परिवार की देखभाल करते-करते अक्सर अपने स्वास्थ्य की अनदेखी कर देती हैं। उन्होंने कहा, “यदि किसी महिला को अच्छी शिक्षा और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी, तो वह इन्हीं संस्कारों को अपने परिवार और आने वाली पीढ़ी तक पहुंचाएगी।”उन्होंने स्वस्थ जीवन के लिए संतुलित आहार, नियमित योग/व्यायाम और प्रिवेंटिव हेल्थ चेकअप को अत्यंत आवश्यक बताया तथा ऐसे नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविरों के आयोजन के लिए महिला कल्याण संगठन, मंडल रेलवे चिकित्सालय एवं अरविंदो हॉस्पिटल इंदौर की सराहना की।
कार्यक्रम के अंतर्गत अरविंदो हॉस्पिटल की टीम ने ऑर्थोपेडिक, गायनिक, मेडिसिन, पीडियाट्रिक एवं सर्जरी विशेषज्ञों के साथ महिलाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया। इस शिविर में 123 महिलाओं का पंजीयन किया गया, जिनकी हिमोग्लोबिन, रक्तचाप (BP) और ब्लड शुगर की जांच की गई। इस शिविर में 41 महिलाओं की ब्रेस्‍ट कैंसर एवं 26 महिलाओं की सर्वाइकल कैंसर स्क्रीनिंग की गई। 56 महिलाओं का मेडिसिन परीक्षण, 32 का ऑर्थोपेडिक, 5 का सर्जरी तथा 1 का पीडियाट्रिक परीक्षण किया गया। इसके अतिरिक्त कुछ महिलाओं की मैमोग्राफी, पैप स्मीयर और कोलपोस्कोपी टेस्ट भी किए गए।
इस नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर में महिलाओं और किशोरियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने स्वास्थ्य की जांच कराई।
इस दौरान स्त्री रोग, कैंसर, रक्तचाप, ब्लड शुगर सहित अन्य महत्वपूर्ण परीक्षण किए गए। कार्यक्रम का सफल संचालन मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. निमिषा जोशी द्वारा किया गया।