


रक्तदान शिविर का प्रभारी मंत्री डॉ. शाह ने किया शुभारंभ
रतलाम 17 सितंबर। जनजातीय कार्य, लोक परिसंपत्ति प्रबंधन, भोपाल गैस त्रासदी राहत एवं पुनर्वास मंत्री मध्यप्रदेश शासन एवं प्रभारी मंत्री रतलाम डॉ. कुंवर विजय शाह द्वारा आज सेवा पखवाड़ा अंतर्गत डॉ लक्ष्मी नारायण पांडेय मेडिकल कॉलेज एवं अखित भारतीय तेरापंथ परिषद द्वारा आयोजित स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का शुभारंभ किया गया। मेडिकल कॉलेज मे ंआयोजित जिला स्तरीय स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान एवं पोषण माह शुभारंभ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री डॉ. शाह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान अंतर्गत आयोजित स्वास्थ्य शिविर में महिलाएं अपनी स्वास्थ्य जांच अवश्य करवाये। 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक रतलाम जिले में कुल 246 जगह स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जायेंगे। शिविरों में जांच निःशुल्क की जाएगी और दवाइयां भी निःशुल्क ही प्रदाय की जाएगी।
कार्यक्रम में मंत्री डॉ. शाह ने कहा कि देश को सशक्त करने में डाक्टरों और नर्स का महत्वपूर्ण योगदान होता है लोगों को स्वास्थ्य सेवाएं देकर जीवन बचाते हैं। देश के प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं प्रदेश मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में गरीब, युवा, महिला और किसानों के हित में सरकार काम कर रही है। गरीब व्यक्ति की जान पैसो के आभाव में नही जाये एवं गंभीर बीमारियों का ईलाज हो पाये इसलिए आयुष्मान कार्ड बनाये गये। आयुष्मान कार्ड से निजी अस्पतालों में गरीब से गरीब का ईलाज निःशुल्क होता है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में गरीबों के जनधन खाते खुलवाए गए जिससे शासन की योजनाओं में मिलने वाली शत प्रतिशत राशि अब सीधे हितग्राही के बैंक खातों में जाती है। अस्पतालों में जेनेरिक दवाइयां मरीजो को निःशुल्क दी रही हैं। सरकार ने एंबुलेंस सुविधा के माध्यम से मरीज को अस्पताल पहुंचाने की सुविधा उपलब्ध कराई, एक्सीडेंट होने पर घायलो को अस्पताल पहुंचाने के लिए नियमों को शिथिल किया गया ताकि घायल व्यक्ति को तुरंत ईलाज मिल सके और उसकी जान बचाई जा सके। पशु चिकित्सा विभाग के माध्यम से पशुओं के इलाज के लिए भी चलित एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध कराई गई है जिसके लिए 1962 लगाने पर तत्काल एम्बुलेंस पहुचती है। जनजातीय वर्ग एवं अन्य वंचित वर्ग के विद्यार्थियों को सरकारी मेडिकल कॉलेज में मुफ्त पढ़ाई करवाई जाती है तथा प्राइवेट मेडिकल कॉलेज में 18 लाख रुपए प्रतिवर्ष तक की फीस भी सरकार द्वारा भरी जा रही है।
कार्यक्रम के पूर्व मंत्री डॉ. शाह ने अस्पताल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने ओपीडी में पर्ची बनाने की लंबी लाईन देख कर स्टाफ बढ़ाने के लिए निर्देशित किया ताकि बीमार व्यक्ति/ परिजनों को अधिक देर लाईन में खड़ा नहीं होना पडे़। अस्पताल परिसर में फ़र्श पर टाईल उखड़ी दिखाई देने पर निर्माण कार्य तत्काल करवाने के निर्देश दिये। कार्यक्रम मे भैसोला जिला रतलाम में आयोजित प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वस्थ नारी सशक्त परिवार, पीएम मित्रा पार्क के भूमि पूजन कार्यक्रम का लाईव प्रसारण देखा एवं सुना गया।
पोषण प्रदर्शनी का अवलोकन किया
कार्यक्रम स्थल पर प्रभारी मंत्री डॉ. शाह ने महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा लगाई गई पोषण प्रदर्शनी का अवलोकन किया एवं पोषण प्रदर्शनी में रखे व्यंजनों का जायका लिया स्वादिष्ट व्यंजनों की प्रशंसा की। सुरजने के पत्तों से बने पोषणयुक्त जूस पीने के बाद रतलाम जिले के इस जूस को अन्य जिले एवं राज्यों तक पहुंचाने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं करवाने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी को निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यदि मशीनों की जरूरत होगी, तो आदिवासी बहनों के लिए जनजातीय कार्य विभाग के माध्यम से राशि दी जाएगी। जिले के आंगनबाड़ी केन्द्रों को आत्मनिर्भर आगनबाडी केन्द्र बनाने के लिए पहल करे। आंगनबाड़ी केन्द्रों पर विद्युत के लिए सोलर सिस्टम लगवाये जायेंगे।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक श्रीमती संगीता चारेल, श्री गोविन्द काकानी, श्री विप्लव जैन, एडीएम डॉ शालिनी श्रीवास्तव, सीईओ जिला पंचायत श्री श्रृंगार श्रीवास्तव, सीएमएचओ डॉ संध्या बेलसेरे, एसडीएम आर्ची हरित सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी/कर्मचारी, कॉलेज के विद्यार्थी एवं महिलाएं उपस्थित थी। कार्यक्रम में स्वागत उद्बोधन डीन डॉ अनीता मुथा ने दिया, कार्यक्रम के रूपरेखा के विषय में जानकारी देते हुए सीएमएचओ डॉक्टर संध्या बेलसरे ने बताया कि रतलाम जिले में स्वस्थ नारी सशक्त भारत अभियान के दौरान जिले के विशेषज्ञ चिकित्सक सिविल अस्पतालों , सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र , प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर सेवाएं प्रदान करेंगे तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिरों पर सभी महिलाओं के बीपी, शुगर , टी बी, मुख स्तन एवं गर्भाशय ग्रीवा कैंसर का प्रारंभिक परीक्षण, दंत रोग , सिकल सेल ,एनीमिया तथा सभी प्रकार के रोगों की स्क्रीनिंग की जाएगी तथा महिलाओं को सभी आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की जाएगी।
छात्रावास/कॉलेज में रैगिंग रोकने के लिए आकस्मिक निरीक्षण करें
एडीएम डॉ. शालिनी श्रीवास्तव को छात्रावास/कालेज में रैगिंग रोकने के लिए आकस्मिक निरीक्षण करवाने के निर्देश दिए। महिला पुलिस बालिका छात्रावास/ कालेजो मे एवं पुलिस जवान बालक छात्रावास/कालेजों में आकस्मिक निरीक्षण कर बच्चों से बात कर रैगिंग गतिविधियों पर निगरानी रखे एवं रैगिंग गतिविधियों के संकेत मिले तो सख्ती से रोकने के निर्देश दिए।




