किसान भाईयों को सलाह- उचित समय पर सोयाबीन फसल की कटाई करें

रतलाम 11 सितंबर। उपसंचालक कृषि श्रीमती नीलम सिंह चौहान द्वारा बताया गया कि, सोयाबीन की खेती किये जाने वाले क्षेत्र में कृषकों द्वारा लगाई शीघ्र समयावधि में पकने वाली किस्में अब पकने की स्थिति में है। जबकि मध्यम एवं देर से पकने वाली किस्मों में दाने भरने की स्थिति में है। किसान भाईयों को सलाह दी जाती है कि, सोयाबीन की शीघ्र पकने वाली किस्मों में 90 प्रतिशत फलियों का रंग पीला पडने पर फसल की कटाई कर सकते है। सोयाबीन की फलियों में दाने भरने या परिपक्वता की अवस्था में फसल पर होने वाली लगातार बारिश से दाने अंकुरित होने की संभावना हो सकती है। अतः उचित समय पर सोयाबीन फसल की कटाई करें। जिससे फलियों के चटकने से होने वाले नुकसान या फलियों के अंकुरित होने से बीज की गुणवत्ता में आने वाली कमी से बचा जा सके। किसान भाईयों को सलाह दी जाती है कि, सोयाबीन की कटाई पश्चात् फसल को पक्के फर्श पर सुखाने के बाद गहाई करके मण्डी में अपनी उपज को ले जा सकते है। जिससे मण्डी में भाव अच्छा मिले।