अतिवृष्टि में प्रशासनिक अधिकारी सतत भ्रमण पर, बाढ राहत कार्य निरंतर जारी

रतलाम । जिले में हो रही लगातार भारी बारिश के चलते कलेक्टर श्री राजेश बाथम के निर्देशानुसार प्रशासनिक अधिकारी नदी/नालों, पुल/पुलियाओं पर सतत् निगरानी रखे हुए है। एसडीएम, तहसीलदार/नायब तहसीलदार एवं आपदा प्रबंधन से संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में सतत् भ्रमण कर आमजन को बाढ़/अतिवृष्टि की स्थिति में सहायता प्रदान कर रहे है एवं नदी/नाले पार नहीं करने एवं पुल /पुलियाओं पर बाढ़ का पानी होने की स्थिति में आवागमन नहीं करने के लिए समझाईश दे रहे है।
पिपलोदा तहसीलदार ने बताया कि अतिवृष्टि से ग्राम पंचेवा में 11 परिवार प्रभावित हुए है, उनके मकानों में पानी घुस जाने पर लगभग 45 व्यक्तियों के रहने एवं खाने की व्यवस्था ग्राम पंचायत तथा आंगनवाड़ी केंद्र में की गई। ग्राम राकोदा में एक मकान चारों तरफ पानी से घिर जाने के कारण एक महिला एवं दो बच्चे फंसे हुए थे,उनको निकाल कर सुरक्षित स्थान पर भेजा गया । राजस्थान रोड सुखेड़ा पर पुलिया पर से तेज पानी जाने के कारण दोनों तरफ बैरियर लगवाए गए है जिससे आवागमन बंद रहे। बाढ़ प्रभावित सभी क्षेत्रों में प्रशासनिक अधिकारी निगरानी बनाये हुए है ।