श्रृंगेरी शंकराचार्यजी का 72वाँ वर्धन्ति महोत्सव पर हुए दो दिनी विविध कार्यक्रम, सैकड़ों भक्त हुए शामिल

वैदिक मंगल मंत्रोच्चार से जगद्गुरु श्री भारती तीर्थजी का वर्धंती महोत्सव हुआ संपन्न
इंदौर. श्रृंगेरी शारदापीठम् के जगद्गुरु शंकराचार्य श्री श्री भारतीतीर्थ महास्वामीजी का दो दिवसीय 72वां जन्मोत्सव (वर्धन्ती महोत्सव) शुक्रवार को संपन्न हुआ। महोत्सव के दौरान वैदिक मंगल मंत्रोच्चार की गूंज हुई। शंकराचार्य भक्त मंडल एवं भारद्वाज ज्योतिष एवं आध्यात्मिक शोध संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित वर्धन्ति महोत्सव का शुभारम्भ चारों वेदों के मंगल मन्त्र घोष से हुआ।

प्रारंभ में श्रृंगेरी शंकराचार्य भक्त मंडल के प्रादेशिक अध्यक्ष आचार्य पं रामचंद्र शर्मा “वैदिक” के सान्निध्य में भाजपा नेता गोविंद मालू, समाजसेवी चेतन रायकवार ने दीप प्रज्ज्वलित किया। जगद्गुरुजी के चित्र का 72 घृत दीपकों से वैदिक विधि विधान से विद्वान आचार्यो द्वारा षोडषोपचार पूजन किया। गुरुजी के दीर्घायुष्य के लिएमार्कंडेय सहित सप्त-चिरंजीवो का पूजन, शुक्ल यजुर्वेद का पारायण, दीर्घायुष्य एवं पवमान सूक्त का सस्वर पाठ हुआ। नवचंडी पाठ भी हुआ। साथ ही श्रृंगेरी शंकराचार्य की अविच्छिन्न आचार्य परंपरा एवं श्रृंगेरी देश का सर्वोच्च शंकर पीठ विषय पर विद्वानों की संगोष्ठी भी हुई। इस मौके पर पं. नंदकिशोर शर्मा, पं. राजेंद्र शास्त्री, पं. राकेश ठक्कर, पं. ब्रजेश शास्त्री आदि विद्वान मौजूद थे। संचालन सीए पं. सोमेंद्र शास्त्री ने किया। आभार पं. देवकिशन राजपुरोहित ने किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में भक्त मौजूद थे।