खजराना गणेशोत्सव के लिए 51 हजार मोदक का निर्माण शुरू

खजराना गणेशोत्सव के लिए 51 हजार मोदक का निर्माण शुरू
हर दिन अनाज के लड्डुओं का भोग भी – शहर के प्रमुख भजन गायकों द्वारा भजन संध्या भी

इंदौर, । खजराना गणेश मंदिर पर 10 सितंबर से प्रारंभ होने वाले गणेशोत्सव में खजराना गणेश को भोग लगाने के लिए 51 हजार मोदक के निर्माण कार्य का शुभारंभ आज निगमायुक्त श्रीमती प्रतिभा पाल एवं वंशिका यश गोयल ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच भट्टी का पूजन कर किया।
भक्त मंडल के अरविंद बागड़ी ने बताया कि प्रसिद्ध रसोईये खेमजी भाई और उनके 15 सहयोगी पांच भट्टियों पर आज से ही मोदक निर्माण में जुट गए हैं। मंदिर के पुजारी पं. मोहन भट्ट एवं पं. अशोक भट्ट द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच निर्माण कार्य का श्रीगणेश हुआ। पं. सतपाल भट्ट, पं. जयदेव भट्ट, भक्त मंडल के कैलाश पंच भी उपस्थित थे। हर वर्ष की परंपरानुसार इस वर्ष भी भक्त मंडल के सौजन्य से 51 हजार मोदक का भोग कलेक्टर मनीष सिंह, निगमायुक्त प्रतिभा पाल एवं आईजी हरिनारायणचारी मिश्रा के आतिथ्य में गणेशजी को समर्पित किया जाएगा। सुबह 10 बजे ध्वजा पूजन एवं गणेशजी को मोतियों की माला समर्पित कर इस महोत्सव का शुभारंभ होगा। संस्कृत पाठशालाओं के वेदपाठी बटुक गणपति अथर्वशीर्ष का पाठ करेंगे। मंदिर प्रबंधन द्वारा गणेशोत्सव के दौरान भक्तों की सुविधा के लिए विशेष प्रबंध किए जा रहे हैं। मंदिर तक पहंुचने वाले सभी मार्गों पर रोशनी, सफाई और पेयजल, सुरक्षा सहित सभी आवश्यक प्रबंध किए जा रहे हैं। मंदिर में मास्क लगाकर आने वालों को ही प्रवेश मिल सकेगा। जो लोग मास्क लगाकर नहीं आएंगे, उनके लिए प्रवेशद्वार पर ही मास्क की व्यवस्था रहेगी। दर्शन की व्यवस्था महांकाल की तर्ज पर रहेगी। प्रतिदिन सुबह नूतन पुष्प श्रृंगार, संध्या को अलग-अलग किस्म के अनाजों के लड्डुओं का भोग एवं रात्रि में शहर के प्रमुख भजन गायकों द्वारा गणेशजी की स्तुति वंदना के आयोजन भी होंगे।
उन्होंने बताया कि मंदिर का मुख्य मार्ग एकांगी रहेगा। मंदिर परिसर पर नगर निगम की ओर से आकर्षक विद्युत एवं पुष्प सज्जा भी की जाएगी। पार्किंग के लिए मंदिर परिसर स्थित पार्किंग स्थल का उपयोग ही करना होगा।