जगमगा उठे शहर के सभी श्वेतांबर जैन मंदिर

जगमगा उठे शहर के सभी श्वेतांबर जैन मंदिर

इंदौर, । नवरत्न परिवार एवं जैन श्वेताम्बर मालवा महासंघ द्वारा आज शहर के 58 जिनालयों में शुद्धिकरण अभियान चलाकर लगभग सभी मंदिरों को चकाचक और जगमग कर दिया गया। सुबह 8 बजे से शुरू हुआ यह अभियान दोपहर 4 बजे तक चलता रहा, जिसमें 17 वर्ष से लेकर 60 वर्ष आयु तक के 3 हजार से अधिक समाजबंधुआंे ने उत्साह के साथ भाग लिया। बड़े मंदिरों में शाम 6 बजे तक सफाई अभियान जारी रहा। देश के पांच राज्यों के 1200 जिनालयों को इस अभियान में शामिल किया गया था। वर्ल्ड बुक ऑफ इंकजोईड की ओर से इसे विश्व कीर्तिमान की मान्यता दी गई है।
अभियान का श्रीगणेश कालानी नगर स्थित श्वेतांबर जैन मंदिर से हुआ जहां नवरत्न परिवार के संरक्षक और अभियान के प्रमुख संयोजक ललित सी. जैन, आयोजन प्रभारी प्रीतेश ओस्तवाल एवं महासंघ के अध्यक्ष दिलसुखराज कटारिया ने अपने साथियों सहित पहंुचकर जिनालय के शुद्धिकरण में अपनी भागीदारी दर्ज कराई। शहर के तिलक नगर, वल्लभ नगर, पीपली बाजार, अनुराग नगर, महेश नगर, जानकी नगर, क्लर्क कालोनी, रतनबाग, गुमाश्ता नगर, अंजनी नगर, मल्हारगंज सहित सभी जैन मंदिरों पर चलाए गए इस अभियान में कुल 3 हजार समाजबंधुओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। दिनभर चले अभियान में नवरत्न परिवार के प्रवीण गुरूजी, सौमिल कोठारी तथा सकल जैन श्रीसंघों के ट्रस्टी भी शामिल हुए। अनुराग नगर में हेमंत डोसी, गुमाश्ता नगर में सुरेंद्र छाजेड़, सुखलिया में रमणिकलाल ओरा तथा वल्लभ नगर में महेश भाई शाह के मार्गदर्शन में अभियान चलाया गया। सुबह अपने-अपने क्षेत्रों के जिनालयों तक परंपरागत वेशभूषा में छोटी-छोटी यात्राएं भी निकाली गई। नवरत्न एवं नवकार परिवार के करीब 300 कार्यकर्ता शहर के सभी मंदिरों मंे सहयोग एवं मार्गदर्शन के लिए तैनात किए गए थे। सभी जैन श्रीसंघों की मेजबानी में सभी क्षेत्रों के युवा, श्रावक-श्राविकाएं, श्रीसंघों के पदाधिकारी एवं अन्य श्रद्धालु भी परंपरागत पूजा वस्त्रों में मंदिर पहंुचें और मंदिरों में सफाई का सघन अभियान चलाया। कहीं मूर्तियों की सफाई की गई तो कहीं मंदिर के पात्रों, घंटी, पूजा सामग्री के डिब्बे, भगवान के वस्त्र आदि के साथ ही फर्श एवं दीवारों की सफाई भी की गई। श्रेष्ठ कार्य करने वाले पुजारियों को उपहार भी दिए गए। अष्टप्रकारी पूजा के साथ अभियान का समापन हुआ।
विश्व कीर्तिमान बना – दोपहर में जैसे ही वर्ल्ड बुक ऑफ इंकजोईड की ओर से इस अभियान को विश्व कीर्तिमान की मान्यता देने की खबर मिली, सभी कार्यकर्ताओं में जोश और उत्साह भर गया। नवरत्न परिवार के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रीतेश ओस्तवाल ने प.पू. आचार्य नवरत्न सागर सूरीश्वर म.सा. की प्रेरणा एवं आचार्य विश्व रत्न सागर म.सा. के मार्गदर्शन को संपूर्ण श्रेय देते हुए शहर एवं मालवांचल के सभी श्रावक-श्राविकाओं के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की है। अभियान का शुभारंभ वर्ष 2010 में प.पू. नवरत्न सागर म.सा. की प्रेरणा से ही किया गया है। अब प्रतिवर्ष इस अभियान में देश के अन्य मंदिरों को भी शामिल करने की योजना है। आज नवरत्न परिवार एवं जैन श्वेतांबर मालवा महासंघ को देश के 1200 जिनालयों में एक साथ, एक ही दिन और एक ही समय पर शुद्धिकरण अभियान के लिए विश्व कीर्तिमान की मान्यता मिलने पर कार्यकर्ताओं ने मिठाई बांटकर अपनी प्रसन्नता व्यक्त की। मालवांचल के अलावा म.प्र., राजस्थान, झारखंड, बिहार, प. बंगाल के जिनालयों में यह अभियान सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।