रतलाम। श्रेष्ठ नवनिर्माण फाउंडेशन द्वारा प्रति रविवार आयोजित किए जाने वाले निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर के अंतर्गत आज 180वाँ स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया। शिविर में क्षेत्रवासियों एवं वरिष्ठ नागरिकों के रक्तचाप (बीपी), शुगर, वजन तथा ऑक्सीजन लेवल की निःशुल्क जांच की गई। बड़ी संख्या में लोगों ने शिविर का लाभ उठाया। इस अवसर पर लाइफ लाइन पैथोलॉजी लैब के डॉ. देवेंद्र बघेल (एम.डी. पैथोलॉजी) द्वारा भी अपनी निःशुल्क सेवाएं प्रदान की गईं। उन्होंने उपस्थित नागरिकों को और समाजसेवीका काजल टांक को विभिन्न पैथोलॉजी जांचों के महत्व की जानकारी देते हुए बताया कि कौन-सी जांच किस बीमारी के निदान में सहायक होती है तथा समय-समय पर चिकित्सकीय परामर्श अनुसार आवश्यक जांच करवाना क्यों महत्वपूर्ण है। वहीं फाउंडेशन के प्रकल्प पशुपति अल्पाहार केंद्र पर लगातार 102वें दिवस जरूरतमंदों को पौष्टिक अल्पाहार का वितरण किया गया। दोनों प्रकल्पों के सफल संचालन में श्री जितेंद्र सिंह सोलंकी, भूपेंद्र श्रेष्ठ, योगेश जाट,शोभा, बंटी एवं ईश्वर सिंह राठौर का विशेष सहयोग रहा।
फाउंडेशन के अध्यक्ष नरेंद्र श्रेष्ठ ने बताया कि संस्था द्वारा स्वास्थ्य, पर्यावरण, शिक्षा एवं सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में निरंतर कार्य किया जा रहा है। फाउंडेशन का मूल उद्देश्य समाज को शिक्षा, संस्कार एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाकर एक सशक्त एवं आत्मनिर्भर समाज का निर्माण करना है।