सभी प्रमुख मदों में सर्वाधिक राजस्व अर्जित कर बनाया नया इतिहास
रतलाम, 10 अप्रैल। पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल के वाणिज्य विभाग ने वित्त वर्ष 2025-26 में शानदार प्रदर्शन करते हुए अब तक का सर्वाधिक राजस्व अर्जित कर एक नया कीर्तिमान स्थापित किया है। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के मंडल रेल प्रबंधक श्री अश्वनी कुमार के मार्गदर्शन तथा वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक श्रीमती हीना वी. केवलरामानी के निर्देशन में वाणिज्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने वित्त वर्ष 2025-26 में उत्कृष्ट कार्य निष्पादन किया। उनके सामूहिक प्रयासों का परिणाम है कि विभाग ने न केवल पिछले वर्ष के सभी आंकड़ों को पार किया,बल्कि इस वर्ष के निर्धारित लक्ष्यों को भी समय सीमा के भीतर सफलतापूर्वक प्राप्त किया। ₹1166.09 करोड़ अर्जित किए, जो पिछले वर्ष की तुलना में 12% अधिक तथा निर्धारित लक्ष्य से 3% अधिक है। इससे पूर्व वर्ष 2024-25 में ₹1040.96 करोड़ का राजस्व सर्वोच्च था। इसी प्रकार टिकट जांच से ₹26.11 करोड़ की आय प्राप्त हुई, जो पिछले वर्ष से 27% तथा लक्ष्य से 15% अधिक है, जबकि पूर्व का सर्वश्रेष्ठ ₹21.70 करोड़ था। अन्य आय स्रोतों में भी उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई। कैटरिंग से ₹7.35 करोड़, पार्किंग से ₹4.60 करोड़ तथा नॉन-फेयर रेवेन्यू से ₹12.05 करोड़ की आय अर्जित की गई, जो क्रमशः 16%, 12% और 15% की वृद्धि को दर्शाती है। पे एंड यूज़ सेवाओं से ₹0.70 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ, जिसमें 9% की वृद्धि दर्ज की गई। माल राजस्व के क्षेत्र में भी मंडल ने प्रभावशाली प्रदर्शन किया और ₹2083.49 करोड़ की आय अर्जित की, जो पिछले वर्ष से 2% तथा लक्ष्य से 3% अधिक है। अन्य शुल्कों से ₹76.47 करोड़ की आय हुई, जिसमें 4% की वृद्धि दर्ज की गई। यात्री संख्या में भी वृद्धि हुई और कुल 51.10 मिलियन यात्रियों की बुकिंग दर्ज की गई, जो पिछले वर्ष के 46.80 मिलियन के मुकाबले 9% अधिक है। अधोसंरचना विकास के क्षेत्र में भी मंडल ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की। पश्चिम रेलवे में पहली बार रतलाम मंडल द्वारा दो स्थैतिक वेटब्रिज—मेसर्स वंडर सीमेंट लिमिटेड साइडिंग पर 24 सितंबर 2025 को तथा मेसर्स जे.के. सीमेंट लिमिटेड साइडिंग पर 10 अक्टूबर 2025 को सफलतापूर्वक स्थापित एवं अधिसूचित किए गए।माल ढुलाई के नए क्षेत्रों में भी प्रगति की गई। मेघनगर से जिप्सम की नई कमोडिटी लोडिंग प्रारंभ की गई, जिसमें अब तक 5 रैक के माध्यम से ₹2.56 करोड़ का राजस्व प्राप्त हुआ। इसी प्रकार दाहोद से अनड्रेस्ड मार्बल की लोडिंग शुरू की गई, जिसमें 1 रैक से ₹0.53 करोड़ की आय अर्जित की गई। उर्वरक और रेड ऑकर के क्षेत्र में भी मंडल ने अब तक का सर्वोच्च प्रदर्शन किया। उर्वरक की 0.75 मिलियन टन लोडिंग से ₹106.01 करोड़ तथा रेड ऑकर की 0.23 मिलियन टन लोडिंग से ₹26.46 करोड़ का राजस्व अर्जित कर नए कीर्तिमान स्थापित किए गए। इन सभी उपलब्धियों के साथ रतलाम मंडल ने अपने पूर्व रिकॉर्ड को पीछे छोड़ते हुए पश्चिम रेलवे में उत्कृष्टता का एक नया मानक स्थापित किया है।