“तुलसी दिवस पर तुलसी पूजन ”
रतलाम। नमो ग्रुप फाउंडेशन, रतलाम द्वारा तुलसी दिवस के पावन अवसर पर तुलसी पूजन का आयोजन किया गया। साथ ही भारत रत्न, पूर्व प्रधानमंत्री एवं भारतीय जनता पार्टी के संस्थापक श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेई जी के जन्म शताब्दी वर्ष के उपलक्ष्य में उनकी जन्म जयंती श्रद्धा, सम्मान एवं राष्ट्रभावना के साथ मनाई गई।
इस अवसर पर अटल बिहारी वाजपेई जी के छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने अपने श्रद्धा सुमन अर्पित किए। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि अटल जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन एवं लोकतांत्रिक मूल्यों का अमिट प्रतीक रहा है। उनके विचार एवं आदर्श आज भी देशवासियों को राष्ट्रहित में कार्य करने की सतत प्रेरणा प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम के अंतर्गत वीर बाल दिवस भी श्रद्धापूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर वीर बालकों के अदम्य साहस, बलिदान और देशभक्ति को स्मरण कर उन्हें नमन किया गया तथा युवा पीढ़ी को उनके आदर्शों से प्रेरणा लेने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम की जानकारी देते हुए महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष मंजुला माहेश्वरी ने बताया कि इस आयोजन का उद्देश्य समाज में संस्कार, पर्यावरण संरक्षण, राष्ट्रभक्ति एवं सामाजिक चेतना को सुदृढ़ करना है। उन्होंने कहा कि तुलसी पूजन के माध्यम से भारतीय संस्कृति एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश जनमानस तक पहुँचाया गया।
उक्त कार्यक्रम में नमो ग्रुप फाउंडेशन के वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से प्रदेश महामंत्री अशोक गुर्जर, अनीता कटारिया, प्रदेश मंत्री भावना गुर्जर, प्रदेश उपाध्यक्ष जीवन ज्योति, जिला अध्यक्ष ईश्वर व्यास,महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष मंजुला माहेश्वरी, नगर अध्यक्ष संतोष बैरागी,महिला मोर्चा नगराध्यक्ष मधु बाहेती, महामंत्री लक्ष्मी सोनगरा, निर्मला वैष्णव सहित नमो ग्रुप फाउंडेशन के सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता सम्मिलित रहे। सभी की सहभागिता से कार्यक्रम अत्यंत सफल एवं प्रेरणादायी रहा।
