अगले चार दिन मतदान जैसे समझकर एसआईआर कार्य पूर्ण कराए भाजपा कार्यकर्ता – कैबिनेट मंत्री चेतन्य काश्यप

मंडल पदाधिकारी एवं वार्ड संयोजकों से ली अब तक हुए कार्य की जानकारी

रतलाम । सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्य की समीक्षा की। उन्होंने भाजपा के मंडल अध्यक्ष एवं वार्ड संयोजकों से अब तक हुए कार्यों की जानकारी ली। जिन क्षेत्रों में कार्य की गति धीमी है, उन्हें गति को और अधिक बढ़ाने के साथ तय समय पर कार्य पूर्ण करने की बात कही।
बैठक में भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, एसआईआर जिला टोली संयोजक नितिन लोढ़ा, विधानसभा संयोजक जयवंत कोठारी, मनोहर पोरवाल, मंडल अध्यक्ष निलेश गांधी, मयूर पुरोहित, नंदकिशोर पंवार, सोना शर्मा, मंडल महामंत्री भूपेंद्र कावड़िया सहित सभी भाजपा पार्षद, वार्डों के संयोजक एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।
मंत्री श्री काश्यप ने मंडल और उनके समाहित वार्डो में बूथ के हिसाब से अब तक हुए कार्य की समीक्षा करते हुए कहा कि अगले चार दिन मतदान जैसे समझकर, आप लोग चिंता कर लीजिए। जो वार्ड कमजोर है, वहां चिंता करके काम पूरा करें। फिनिशिंग का काम हमें करना है। अब पार्षद और वार्ड संयोजक की भूमिका अहम है। गम्भीरता से इस विषय को लेकर कार्य पूर्ण करें। किसी को कोई परेशानी हो तो मंडल अध्यक्ष एवं पदाधिकारी को अवगत कराए।
जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने कहा कि आपने वीसी में सुना होगा कि अगले 4 दिन बहुत महत्वपूर्ण है। पूरी ताकत लगाकर हम काम करेंगे तो 95% तक यह कार्य पूरा हो जाएगा। बैठक का संचालन एसआईआर विधानसभा संयोजक संचालन जयवंत कोठारी ने किया, आभार जिला प्रभारी नितिन लोढ़ा ने माना।