रतलाम में भव्य स्वदेशी मेला 28 नवंबर से 7 दिसंबर तक

150 से अधिक स्वदेशी वस्तुओं के स्टॉल, कई स्वदेशी व्यंजन के स्टॉल, श्री राम मंदिर, आकर्षक झूले, विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रतियोगता आयोजन आदि प्रमुख आकर्षण

रतलाम। स्वदेशी जागरण मंच एवं स्वर्णिम भारतवर्ष फाउंडेशन द्वारा रतलाम शहर में अंबेडकर मैदान में भव्य स्वदेशी मेला आगामी 28 नवंबर से 7 दिसंबर तक आयोजित किया जाएगा l स्वदेशी मेला संयोजक वरुण पोरवाल एवं विभाग संयोजक स्वतंत्र पाल सिंह देवड़ा द्वारा प्राप्त जानकारी अनुसार स्वदेशी मेले में 150 से अधिक स्वदेशी वस्तुओं के स्टॉल, कई स्वदेशी व्यंजन के स्टॉल, श्री राम मंदिर, आकर्षक झूले, विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम, प्रतियोगिता आयोजन आदि प्रमुख आकर्षण है l यह मेला बिना किसी व्यावसायिक दृष्टिकोण से स्वदेशी वस्तुओं को प्रोत्साहित करने हेतु एवं समाज में स्वदेशी वस्तुओं के प्रति जागरूकता लाने हेतु आयोजित किया जा रहा है l इस मेले का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वदेशी आह्वान के अंतर्गत स्वदेशी वस्तुओं का निर्माण, उनका प्रचार प्रसार एवं आमजन में स्वदेशी वस्तुओं के प्रति आकर्षण लाना है l इसी तर्ज पर यह मेला आयोजित किया जा रहा है l प्रदेश के विभिन्न जिलों में ऐसे मेले आयोजित किए जा चुके हैं एवं भविष्य में भी आयोजित किए जाएंगे l
रतलाम में यह प्रयास प्रथम बार किया जा रहा है एवं प्रतिदिन पांच से छह हजार शहरवासियों के मेले में आने की संभावना है l इस मेले में बहुत कम दरों पर स्टाल उपलब्ध कराये जा रहे हैं जिससे स्वदेशी वस्तुओं के इस्तेमाल में प्रोत्साहन मिल सके l पार्किंग एवं प्रवेश शुल्क पूर्णतः निशुल्क रखा गया है l इसके साथ ही मेले में स्वदेशी निर्मित वस्तुओं के निर्माताओं एवं उद्यमियों को शहर के युवाओं से रूबरू करा कर रोजगार के अवसर भी प्रदान किए जाएंगे जिससे कि यहां के युवाओं को स्वदेशी वस्तुओं के निर्माताओं के यहां रोजगार प्रदान हो सके l मेला आयोजन समिति में मेला संयोजक वरुण पोरवाल, स्वदेशी जागरण विभाग संयोजक स्वतंत्र पाल सिंह देवड़ा, जिला संयोजक ओमप्रकाश पुरोहित, सहसंयोजक राजकमल दुबे, ललित चोपड़ा, संजय बाफना श्रीकांत डोसी, विशाल डांगी आदि सम्मिलित है l