
रतलाम। पितृपक्ष के अवसर पर बुधवार 17 सितंबर 2025 को गीता मंदिर परिसर में हर्षोल्लास के साथ इंदिरा एकादशी का आयोजन किया गया। दोपहर 3 बजे से 6 बजे तक लगातार संकीर्तन हुआ, जिसमें श्रद्धालुओं ने भक्ति रस का आनंद लिया। इंदिरा एकादशी को पितरों की आत्मा की शांति और मोक्ष प्राप्ति के लिए विशेष महत्व प्राप्त है। इस दिन भगवान विष्णु की आराधना करने से पापों से मुक्ति, पारिवारिक कल्याण और समृद्धि की प्राप्ति मानी जाती है।
कार्यक्रम के दौरान पंडित गोपाल कृष्ण शर्मा ने अपने सुमधुर कंठ से भजन प्रस्तुत किए—“देखा अजब नजारा तेरे दरबार में कन्हैया…” जैसे भजनों पर श्रद्धालु विशेषकर महिलाओं ने नृत्य कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
यह आयोजन श्रीमती इंदुबाला नरेंद्र कुमार नलवाया परिवार, रतलाम के सौजन्य से संपन्न हुआ। कार्यक्रम में गीता मंदिर ट्रस्ट के संजय व्यास, दीपक पुरोहित, सीमा वाफगांवकर, नरेंद्र वाफगांवकर, अंजलि कटारिया, इंदु कटारिया, सुनील कटारिया, मधु रतनावत, लीना ठक्कर, पी.के. पुरोहित, सीमा खंडेलवाल, रेखा उपाध्याय, रेणु व्यास, रामचंद्र शर्मा, राजेश चाष्टा, प्रेम सिंह, लोकेंद्र जी, राजकुमार जी सहित महिला मंडल एवं बड़ी संख्या में भक्तजन उपस्थित रहे। श्रीमन् नारायण नारायण की धुन पर तालियों की गड़गड़ाहट के बीच संकीर्तन संपन्न हुआ। अंत में आरती एवं प्रसादी वितरण किया गया। अगला संकीर्तन 3 अक्टूबर, शुक्रवार को पापांकुशा एकादशी पर आयोजित होगा। इस आयोजन की जिम्मेदारी मालवा ऑक्सीजन के संजय व्यास एवं व्यास परिवार द्वारा निभाई जाएगी। कार्यक्रम का समय अपराह्न 3 से 6 बजे तक निर्धारित है।



