जैन विद्या परीक्षा में मिनाली प्रखर कोठारी ने पाया दसवां स्थान

रतलाम। शहर की श्रीमती मिनाली प्रखर कोठारी ने जैन विद्या में आयोजित जेनोयलॉजी त्रिवर्षीय परीक्षा में अखिल भारतीय स्तर पर दसवां स्थान प्राप्त कर रतलाम व कोठारी परिवार का नाम गौरवान्वित किया है। यह परीक्षा आदिनाथ जैन ट्रस्ट, चूले, चेन्नई द्वारा आयोजित की गई थी। परीक्षा में देशभर से लगभग 35,000 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया तथा 300 परीक्षा केन्द्र बनाए गए थे, जिनमें चेन्नई, कोयंबटूर, गुंटुर, इंदौर, बाड़मेर, नागपुर, वर्धमान नगर, कवर्धा, बीजीवीपी पुरम तथा रतलाम प्रमुख रहे।
रतलाम निवासी मिनाली ने जैन धर्म का गहन अध्ययन करने के उद्देश्य से इस परीक्षा में भाग लिया और प्रदेश स्तर पर दूसरा तथा राष्ट्रीय स्तर पर दसवां स्थान प्राप्त किया। परीक्षा की जानकारी देते हुए समन्वयक शशि छजलानी ने बताया कि मिनाली की सफलता रतलाम केन्द्र के लिए गौरव की बात है। संस्था को सुदृढ़ बनाने में आदिनाथ जैन ट्रस्ट के प्रमुख डॉ. निर्मल जैन और मोहनलाल जैन का विशेष योगदान रहा।
मिनाली ने अपनी सफलता का श्रेय परिवारजन अमित व विमलेश कोठारी के प्रोत्साहन एवं रतलाम केन्द्र की वरिष्ठ समन्वयक सुनीता बोहरा के मार्गदर्शन को दिया है।
उनकी इस उपलब्धि पर मालवा संघ अध्यक्ष ठाकुर बसंत सिंह श्रीमाल, श्वेतांबर खरतरगच्छ श्री संघ अध्यक्ष अशोक चोपड़ा तथा कांतिलाल चोपड़ा ने शुभकामनाएं प्रेषित करते हुए कहा कि मिनाली ने समाज का नाम ऊँचा किया है, जो अत्यंत प्रशंसनीय है।