प्रजापिता ब्रह्माकुमारी संस्थान द्वारा पोस्टमेन स्टाफ तथा डाक कर्मियों को राखी बांधकर उनके कार्य के प्रति आभार जताते हुए हर्ष उल्लास के साथ रक्षाबंधन पर्व मनाया

रतलाम। भारतीय डाक विभाग के पोस्टमेन स्टाफ द्वारा हमेशा से ही “डाकसेवा जनसेवा” को सार्थक सिद्ध करते हुए समयबद्ध तरीके से नियमित डाक का निपटान किया जाता रहा है | इसी तारतम्य में इस वर्ष भी रक्षाबंधन पर्व पर बहनों द्वारा अपने भाईयो को प्रेषित राखियों का सप्ताह के अन्य दिनों के साथ ही रविवार को भी विशेष कार्य कर समय पर वितरण किया गया | उनकी इस सेवा का सम्मान करते हुए आज प्रजापिता ब्रह्माकुमारी संस्थान की बहनों एवं भाईयों द्वारा पोस्टमेन स्टाफ सहित अन्य डाक कर्मियों को राखी बांधकर उनके कार्य के प्रति आभार जताते हुए हर्ष उल्लास के साथ रक्षाबंधन पर्व मनाया गया |
कार्यक्रम में पोस्टमास्टर जनरल इंदौर परिक्षेत्र सुश्री प्रीती अग्रवाल मुख्य रूप से उपस्थित रहीं व अपने उद्बोधन में कहा कि, सोशल मीडिया के ज़माने में डाक विभाग की महत्ता इस बात का प्रमाण है कि आज भी रक्षाबंधन पर्व पर बहनों का डाक विभाग पर अटूट विश्वास है | डाक विभाग द्वारा सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक राखी को शीघ्र एवं सुरक्षित पहुंचाने हेतु दिन रात मेहनत की जाती है |
इस अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी संस्थान की बहन सुश्री अनीता दीदी अपनी अन्य दीदीयों के साथ उपस्थित थी | उनके द्वारा जीवन में धर्म, संस्कृति एवं त्योहारों की महत्ता के बारे में बताया गया एवं इस भागम-भाग की दुनिया में किस प्रकार मन को शांत रखा जाए , इस पर भी विस्तृत रूप से जानकारी दी गई |
इस कार्यक्रम में क्षेत्रीय कार्यालय इंदौर के वरिष्ठ अधिकारीगण, प्रवर अधीक्षक डाकघर इंदौर नगर संभाग , वरिष्ठ पोस्ट मास्टर इंदौर जीपीओ, डाकघर के समस्त पोस्टमेन एवं समस्त कर्मचारीगण उपस्थित रहे |