जिले की 135 ग्राम पंचायत में विकसित कृषि संकल्प अभियान 29 मई से 12 जून तक

रतलाम 28 मई 2025। उपसंचालक किसान कल्याण तथा कृषि विकास जिला रतलाम द्वारा बताया गया है कि मध्य प्रदेश शासन किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग मंत्रालय भोपाल द्वारा विकसित कृषि संकल्प अभियान का संचालन खरीफ पूर्व 29 मई 2025 से 12 जून तक किया जाएगा। अभियान अंतर्गत कृषि पशुपालन उद्यानिकी एवं मत्स्य विभाग के अधिकारी/कर्मचारियों द्वारा केंद्रीय योजना एवं मध्य प्रदेश सरकार की प्रमुख योजनाओं कृषि वैज्ञानिकों द्वारा इजाद की गई नवीन उन्नत कृषि तकनीकियों तथा कृषकों द्वारा कृषि में किया जा रहे नवाचारों की जानकारी स्थानीय स्तर पर कृषि वैज्ञानिक, विभागीय अधिकारी, कृषि उद्यमी एवं प्रगतिशील कृषकों द्वारा कृषको को दी जाएगी। जिले की 135 ग्राम पंचायत में विकसित कृषि संकल्प अभियान के अंतर्गत 29 मई से 12 जून तक शिविर आयोजित किए जा रहें है। शिविरो के सफल संचालन के लिए सभी ग्राम पंचायतो के लिए नोडल अधिकारी, कृषि विस्तार अधिकारी, उद्यानिकी विस्तार अधिकारी, क्षे़त्र विस्तार अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है। किसान भाई अभियान में सम्मिलित होकर कृषि की नवीन तकनीकियों नवाचारों योजनाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त करें।
अभियान का शुभारंभ केन्द्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा वर्चुवल माध्यम से 29 मई को दोपहर 12 बजे से किया जाएगा। जिला स्तरीय कार्यक्रम रतलाम कलेक्टर कार्यालय सभाकक्ष रतलाम में आयोजित होगा।