संविधान दिवस पर भारतीय नागरिक सशक्तिकरण अभियान की घोषणा
संस्था न्यायाश्रय 26 जनवरी 2025 से प्रारंभ करेगी कानूनी जनजागरण कार्यक्रम
इंदौर। संविधान दिवस 26 नवंबर को आयोजित कार्यक्रम में संस्था न्यायाश्रय के अध्यक्ष एडवोकेट एवं लॉ एक्सपर्ट पंकज वाधवानी ने जानकारी देते हुए बताया कि भारतीय नागरिकों को कानूनी जागरूकता प्रदान किए जाने के लिए संस्था न्यायाश्रय द्वारा भारतीय नागरिक सशक्तिकरण अभियान प्रारंभ करेगी यह कार्यक्रम 26 जनवरी 2025 से प्रारंभ होगा।
विश्व के 70 देश में पढ़ाया जाता है वहां का कानून
संविधान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में एडवोकेट पंकज वाधवानी ने संबोधित करते हुए कहा कि जैसा कि हम जानते हैं कानूनी जानकारी का होना हमें अनेक संभावित अड़चनों एवं दिक्कतों से बचाता है। वर्तमान जीवन अत्यंत ही जटिलताओं और अनजानी व अनचाही समस्याओं से भरा पड़ा है। भारतीय कानून यह मानकर चलता है कि आपको सभी कानून पता है इसीलिए कानून की भूल क्षम्य नहीं है अर्थात माफी योग्य नहीं है, वहीं दूसरी ओर यह आश्चर्यजनक है कि कानून का ज्ञान सिर्फ वही व्यक्ति प्राप्त कर सकता है जिसने विशेष रूप से एलएलबी का 3 साल एवं बीएएलएलबी का 5 साल का कोर्स किया हो। जबकि विश्व के 70 देश में वहां के कानून की पढ़ाई स्कूली सिलेबस में ही करवा दी जाती है। किंतु हमारे देश में कानून की पढ़ाई अत्यंत महंगी और सीमित वर्ग ही कर पाते है।
एक आम नागरिक भी औसत 300 कानून से रोज जूझता है
विधि व्याख्याता पंकज वाधवानी ने बताया कि एक रिसर्च के अनुसार एक आम निरक्षर व्यक्ति भी लगभग प्रतिदिन 300 से अधिक कानूनों से जाने अनजाने जूझता है। कानून की भाषा और कानूनी प्रक्रिया भी अत्यंत कठिन होती है ऐसे में आसान भाषा में रोजमर्रा में काम आने वाले कानूनों की जानकारी का यह कोर्स विशेष रूप से आपको सशक्त करने के लिए बनाया गया है जानकारी के अभाव में ही हमारे साथ अनुचितव्यवहार व गलत काम होते हैं किंतु सामान्य कानूनी जानकारी हमें हमारे जीवन की बड़ी समस्याओं से न सिर्फ बचाती है बल्कि आत्म सम्मान के साथ जीवन जीने का अवसर भी प्रदान करती है।