वैदिक मंत्रोच्चार एवं बप्पा के जयघोष के बीच खजराना गणेश के भक्तों को बांटा गया सवा लाख मोदक का प्रसाद

 

वैदिक मंत्रोच्चार एवं बप्पा के जयघोष के बीच खजराना गणेश के भक्तों को बांटा गया सवा लाख मोदक का प्रसाद

दस दिवसीय गणेशोत्सव का शुभारंभ- कलेक्टर एवं निगमायुक्त ने किया ध्वजा पूजन-दिनभर लगी रही भक्तों की कतारें

इंदौर  । खजराना गणेश मंदिर पर शनिवार सुबह दस दिवसीय गणेश महोत्सव का शुभारंभ वैदिक मंत्रोच्चार एवं गणपति बप्पा के जयघोष के बीच मंदिर प्रबंधन समिति के अध्यक्ष एवं कलेक्टर आशीष सिंह एवं मंदिर प्रशासक निगमायुक्त शिवम वर्मा ने पुलिस आयुक्त राकेश गुप्ता, संभागायुक्त दीपकसिंह एवं क्षेत्रीय विधायक महेन्द्र हार्डिया के विशेष आतिथ्य में किया। गणेशजी को स्वर्ण मुकुट तथा मोतियों का चोला भी समर्पित किया गया। भक्त मंडल की ओर से इस बार भी सवा लाख मोदक का प्रसाद निर्मित कर भक्तों को प्रसाद के रूप में बांटा गया। कलेक्टर आशीषसिंह एवं निगमायुक्त शिवम वर्मा ने मोदक प्रसाद वितरण का शुभारंभ किया।
भक्त मंडल के अरविंद बागड़ी एवं कैलाश पंच ने बताया कि मंदिर के पुजारी पं. मोहन भटट एवं पं. अशोक भटट द्वारा वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन विधि संपन्न हुई। श्री श्रीविद्याधाम के वेदपाठी बटुकों द्वारा गणपति अथर्वशीर्ष के पाठ की मंगल ध्वनि पूरे समय मंदिर परिसर में गूंजती रही। अनेक भक्त तो अलसुबह से ही कतारों में लग गए थे। महाकाल की तर्ज पर दर्शन व्यवस्था होने के कारण एक साथ 200-200 भक्तों ने दर्शन किए और किसी को भी आधे घंटे से अधिक प्रतीक्षा नहीं करना पड़ी। कलेक्टर आशीषसिंह एवं निगमायुक्त शिवम वर्मा पूरे विधि-विधान से ध्वजा को मस्तक पर धारण कर सभी देवालयों तक पहुंचे। क्षेत्रीय विधायक महेन्द्र हार्डिया ने भी पूजा-अर्चना कर भक्तों को मोदक प्रसाद का वितरण किया। लगभग एक घंटे चले इस अनुष्ठान में हजारों भक्तों ने मोदक प्रसाद का पुण्य लाभ उठाया। भक्त मंडल की ओर से अरविंद बागड़ी, कैलाश पंच, पार्षद पुष्पेन्द्र पाटीदार, वासुदेव पाटीदार, सुभाष नायक, कैलाश तिवारी, दिलीप सर सहित करीब 50 कार्यकर्ताओं ने दिनभर मोदक वितरण की व्यवस्था संभाली। इस अवसर पर मंदिर के प्रबंधक घनश्याम शुक्ला एवं सहायक प्रबंधक गौरीशंकर मिश्रा भी उपस्थित थे।
बागड़ी के अनुसार गणेश चतुर्थी के उपलक्ष्य में संपूर्ण मंदिर परिसर को विशेष रूप से रंगबिरंगे फूलों एवं विद्युत बल्बों से सजाया गया था। गर्भगृह में भी विशेष पुष्प सज्जा की गई थी। भक्तों की कतारें अल सुबह से देर रात तक लगी रही। पुलिस एवं मंदिर प्रबंधन द्वारा विशेष प्रबंध किए जाने से भक्तों को किसी तरह की असुविधा की शिकायत नहीं रही। महोत्सव में प्रतिदिन शाम को गणेशजी को विभिन्न किस्म के अनाज के लड्डुओं का भोग भी लगाया जाएगा।