अखंड धाम आश्रम पर गत 18 वर्षों में ओम नमः शिवाय महामंत्र के 65 करोड़ जाप संपन्न
इंदौर। बिजासन रोड स्थित प्राचीन श्री अविनाशी आश्रम इन दिनों श्रावण मास के उपलक्ष्य में ओम नमः शिवाय महामंत्र के अखंड जाप की मंगल ध्वनि से गूंज रहा है। वर्ष 2006 से चल रहे इस अखंड महायज्ञ में अब तक 18 वर्षो में लगभग 65 करोड़ मंत्रों का जाप हो चुका है। इसके अलावा प्रतिवर्ष अखंड धाम पर होने वाले अ.भा. अखंड वेदांत संत सम्मेलन के दौरान भी देशभर के प्रमुख संत-विद्वान यहां आकर सात दिनों तक अपने प्रवचनों की अमृत वर्षा से इस भूमि को पावन बना रहे हैं। आश्रम के महामंडलेश्वर डॉ. स्वामी चेतन स्वरूप के सानिध्य में यह अनुष्ठान निरंतर जारी है।
अखंड धाम आयोजन समिति के प्रमुख हरि अग्रवाल, भावेश दवे एवं मोहनलाल सोनी ने बताया कि वर्ष 2006 में इस अखंड जाप का शुभारंभ हुआ था। पिछले करीब 18 वर्षों से यहां प्रतिदिन चार व्यक्ति आठ पारियों में मिलकर ओम नमः शिवाय महामंत्र का अलख जगा रहे हैं। आश्रम के संत राजानंद ने बताया कि एक व्यक्ति औसतन एक घंटे में 1 हजार से 1100 तक महामंत्र का जाप करता है। तीन घंटे में करीब 3 हजार और इस तरह चार व्यक्ति मिलकर 12 हजार मंत्रों का जाप यहां कर रहे हैं। प्रतिदिन आठ पारियों में 66 हजार महामंत्र के जाप की गणना के हिसाब से प्रति वर्ष 3 करोड़ 50 लाख 40 हजार और 18 वर्षों में अब तक 63 करोड़ मंत्रों का जाप यहां हो चुका है। भक्तों द्वारा किए जा रहे जाप की गणना भी इसमें शामिल करें तो यहां अब तक करीब 65 करोड़ ओम नमः शिवाय महामंत्र के जाप संपन्न होचुके हैं। अभी भी यहां प्रतिदिन आठ पारियों में अनेक संत और भक्त मिलकर संगीतमय ओम नमःशिवाय महामंत्र जाप का अनुष्ठान चला रहे हैं। यह अनुष्ठान पूरे सावन माह में भी जारी रहेगा। आम श्रद्धालु भी इसमें शामिल होकर पुण्य लाभ ले सकते हैं।