पूणे से इन्दौर की श्रीमंत यशवंतराव होलकर की शौर्ययात्रा
इन्दौर ।कनाडिय़ा चौराहे पर श्रीमंत यशवंतराव होलकर की प्रतिमा अनावरण से पूर्व पूणे से इन्दौर की भव्य शौर्ययात्रा निकाली जा रही है। शौर्ययात्रा में धनगर समाज सहित आसपास के प्रतिनिधि मंडल व अन्य सामाजिक संस्थाओं के प्रतिनिधि भी यात्रा में शामिल होकर शौर्ययात्रा की अगवानी कर रहे हैं। वहीं यात्रा में विशाल रथ पर श्रीमंत यशवंतराव होलकर की 13 फीट फाईबर से निर्मित प्रतिकात्मक प्रतिमा का दर्शन-पूजन भी महिलाओं द्वारा किया जा रहा है।
शौर्ययात्रा एवं प्रतिमा स्थापना समिति संयोजक सुधीर देडग़े, सहसंयोजक रविन्द्र भुसारी ने बताया कि पूणे शौर्ययात्रा के मुख्य आयोजक अमरजीत राजे बारगल एवं स्वप्निल राजे होलकर के नेतृत्व में मंगलवार को सुबह 8 बजे शौर्ययात्रा की शुरूआत अहमदनगर से की गई। अहमदनगर से कोपरगांव तक के मार्ग में विभिन्न मंचों के माध्यम से यात्रा का स्वागत सत्कार भी जनमानस द्वारा किया गया। बुधवार को यात्रा अहमदनगर से प्रारंभ होकर राहुरी, शिर्डी होते हुए कोपरगांव पहुंची जहां इस यात्रा का समापन हुआ। अहमदनगर से कोपरगांव तक निकली शौर्ययात्रा को नगर भ्रमण भी कराया गया। रविवार 7 मई पूणे से प्रारंभ शौर्ययात्रा मंगलवार की रात्रि तक कोपरगांव पहुंची चुकी थी।
रहाता नगर में हुआ प्रतिमा का पूजन व अभिषेक- शौर्ययात्रा एवं प्रतिमा स्थापना समिति संयोजक सुधीर देडग़े ने बताया कि रहाता नगर में जैसे ही शौर्ययात्रा का प्रवेश हुआ वहां की जनता ने छत्रपति शिवाजी व श्रीमंत यशवंतराव होलकर के जयकारों से आसमान गुजायमान कर दिया। यात्रा में सभी जनमानस अपने हाथों में भगवा ध्वज लेकर यात्रा में शामिल हुए। वहीं श्रीमंत यशवंतराव होलकर के जयकारों के बीच शौर्ययात्रा विभिन्न मार्गों से निकली जहां सामाजिक संगठनों ने पेय पदार्थ सहित स्वल्पाहार कराकर यात्रा की अगवानी की।
बुधवार को सोनगिर में रहेगा विश्राम- पूणे से इन्दौर की 700 किलोमीटर की शौर्ययात्रा बुधवार 10 मई को कोपरगांव से मनमाड़-मालेगांव, धुले होते हुए सोनगिर पहुंचेगी जहां विभिन्न सामाजिक संगठनों द्वारा यात्रा का स्वागत किया जाएगा। वहीं गुरूवार 11 मई को प्रात: 8 बजे शिरपुर, जुलवानिया, अंजड़ पहुंचेगी। शुक्रवार 12 मई को ठीकरी, मानपुर होते हुए यात्रा इन्दौर में प्रवेश करेगी। जहां रात्रि का विश्राम गुमाश्ता नगर स्थित महाराजा यशवंतराव होलकर स्कूल में रहेगा।
450 किलोमीटर का सफर है बाकी- संयोजक सुधीर देडग़े ने बताया कि पूणे से इन्दौर की 700 किलोमीटर की श्रीमंत यशवंतराव होलकर की शौर्ययात्रा कोपरगांवकर तक 225 किलोमीटर का सफर तय कर चुकी है। कोपरगांव से इन्दौर तक 450 किलोमीटर का सफर अभी और बाकी है। शौर्ययात्रा शुक्रवार 12 मई को ठीकरी, मानपुर होते हुए इन्दौर में प्रवेश करेगी। जहां रात्रि का विश्राम गुमाश्ता नगर स्थित महाराज यशवंतराव होलकर स्कूल में रहेगा।