महाराजा यशवंत राव होलकर की प्रतिमा अनावरण से पूर्व सात दिनी महोत्सव मनाया जाएगा

इंदौर से सैकड़ों समाज बंधु शामिल होंगे पुणे से निकलने वाली शौर्य यात्रा में

इंदौर ।महाराजा यशवंतराव होलकर ( प्रथम) की 7 दिवसीय शौर्य यात्रा की तैयारियों को लेकर रविवार को उषा राजे परिसर में समाज बंधुओं की बैठक आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में समाज बधुओं ने उपस्थित होकर पुणे से इंदौर तक निकलने वाली शौर्य यात्रा में शामिल होने की बात कहीं।

शौर्ययात्रा एवं प्रतिमा स्थापना समिति संयोजक सुधीर देडग़े, सहसंयोजक रविन्द्र भुसारी ने बताया कि श्रीमंत यशवंतराव होलकर की प्रतिमा का अनावरण व सम्मान समारोह 13 मई को शाम 7 बजे कनाडिय़ा चौराहे पर आयोजित किया जाएगा। प्रतिमा अनावरण के पूर्व पुणे से इंदौर तक श्रीमंत यशवंतराव होलकर की भव्य शौर्य यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा के दौरान होलकरों के इतिहास के साथ ही उनके शौर्य, पराक्रम व वीरता से सभी जनमानस को रूबरू कराया जाएगा। 7 से 13 मई तक आयोजित शौर्ययात्रा की तैयारियां जोरो पर है। वहीं पुणे से इंदौर तक की यात्रा को लेकर सभी सदस्यों की जिम्मेदारी भी इस दौरान सौपी गई। बैठक में सामाजिक, राजनीति, धार्मिक पृष्ठ भूमि के गणमान्य नागरिकों के साथ ही मराठी भाषी संगठन सहित अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधि भी बड़ी संख्या में उपस्थित हुए थे। उषा राजे परिसर में आयोजित बैठक के दौरान मिलिंद दिघे, मराठी समाज सचिव चंद्रकांत कराडकर, अविनाश भांड, सुदेश पिंगले, सुभाष वाघमारे, संजय गेले, डॉक्टर प्रकाश फणसे, वैभव ठाकुर सहित मराठी भाषी समाज बंधु उपस्थित थे।

पुणे से इंदौर आएगी शौर्ययात्रा – संयोजक सुधीर देडग़े ने बताया कि अनावरण कार्यक्रम से पूर्व सात दिवसीय भव्य शौर्ययात्रा की शुरूआत पूणे से होगी। रविवार 7 मई को प्रतिमा पूजन के साथ ही पूणे में यशवंतराव होलकर की प्रतिमा का नगर भ्रमण कार्यक्रम होगा। भ्रमण के दौरान श्रीमंत यशवंतराव होलकर का इतिहास इस दौरान बताया जाएगा। होलकर राजाओं की वेशभूषा में कलाकार शामिल होकर उस काल को जीवंत करेंगे। नगर भ्रमण के पश्चात यह यात्रा इन्दौर के लिए प्रस्थान करेगी। पूणे से इन्दौर तक के मार्ग में सभी को श्रीमंत यशवंतराव होलकर की वीरता व पराक्रम से परिचित कराया जाएगा।

13 मई को इन्दौर में निकलेगी शौर्ययात्रा- पूणे से इन्दौर की यह शौर्ययात्रा 13 मई को शहर पहुंचेगी। इसी दिन ऊषा नगर स्थित महाराजा यशवंतराव होलकर स्कूल से भव्य शौर्ययात्रा दोपहर 3 बजे निकाली जाएगी। शौर्ययात्रा में दो पहिया एवं चार पहिया वाहन पर महिला, पुरूष, युवा व युवती शामिल होंगे जो महाराजा यशवंतराव होलकर के इतिहास से शहरवासियों को रूबरू कराएंगे। ऊषा नगर से प्रारंभ शौर्ययात्रा विभिन्न मार्गों से होते हुए कनाडिय़ा चौराहा पहुंचेगी जहां इस यात्रा का समापन होगा। वहीं शाम 7 बजे प्रतिमा का लोकार्पण समारोह आयोजित होगा। जिसमें साधु-संतों के साथ ही शहर के कई गणमान्य नागरिक शामिल होंगे।

13 फीट लंबी है प्रतिमा- शौर्ययात्रा में श्रीमंत यशवंतराव होलकर (प्रथम) की अश्वारूढ़ प्रतिमा जो कि ब्रांज धातु से बनकर तैयार की गई है। 13 फीट लंबी और ढ़ाई टन वजनी इस प्रतिकात्मक प्रतिमा की शोभायात्रा पूणे से इन्दौर तक निकलेगी। प्रसिद्ध मूर्तिकार विवेक खटावकर ने 10 माह में इस प्रतिमा को आकार दिया है। फाईबर प्रतिरूप की प्रतिमा पूणे से भव्य शौर्ययात्रा के माध्यम से इन्दौर तक आएगी।