- महापौर प्रहलाद पटेल और भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने किया लोकार्पण
- महापौर प्रहलाद पटेल, निगम अध्यक्ष श्रीमती मनीषा शर्मा व मनोज शर्मा का हुआ नागरिक सम्मान

रतलाम 23 दिसम्बर । वार्ड क्रमांक 12 कस्तूरबा नगर क्षेत्र की पार्षद एवं निगम अध्यक्ष श्रीमती मनीषा मनोज शर्मा के विशेष प्रयासों से कस्तूरबा नगर रोड नंबर 6 स्थित बगीचे को आकर्षक बाल उद्यान के रूप में विकसित किया गया है। सौन्दर्यीकरण, हरियाली और बच्चों के मनोरंजन को ध्यान में रखते हुए विकसित किए गए इस बाल उद्यान का लोकार्पण आज महापौर प्रहलाद पटेल द्वारा भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय एवं पार्षद श्रीमती मनीषा मनोज शर्मा की उपस्थिति में किया गया।
लोकार्पण अवसर पर महापौर प्रहलाद पटेल ने कहा कि शहर में बच्चों के लिए सुरक्षित और मनोरंजन से भरपूर स्थान विकसित करना नगर निगम की प्राथमिकताओं में शामिल है। बाल उद्यान न केवल बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में सहायक होंगे, बल्कि परिवारों के लिए भी सामूहिक समय बिताने का अच्छा माध्यम बनेंगे। उन्होंने पार्षद श्रीमती मनीषा शर्मा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि वार्ड स्तर पर इस तरह के विकास कार्य शहर की सुंदरता बढ़ाने के साथ नागरिक सुविधाओं को भी सुदृढ़ करते हैं।
भाजपा जिला अध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय ने अपने संबोधन में कहा कि बाल उद्यान जैसे कार्य समाज के भविष्य यानी बच्चों के लिए किए जा रहे सकारात्मक प्रयास हैं। उन्होंने कहा कि हरियाली, स्वच्छता और जनसुविधाओं को बढ़ावा देना भाजपा की प्राथमिकता रही है और आगे भी ऐसे विकास कार्य निरंतर होते रहेंगे।
पार्षद एवं निगम अध्यक्ष श्रीमती मनीषा मनोज शर्मा ने कहा कि कस्तूरबा नगर क्षेत्र के बच्चों और नागरिकों की लंबे समय से मांग थी कि यहां एक सुंदर और सुव्यवस्थित बाल उद्यान विकसित किया जाए। इस उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए उद्यान में हरियाली के साथ बच्चों के मनोरंजन हेतु झूले एवं अन्य आवश्यक संसाधन लगाए गए हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह उद्यान बच्चों के साथ-साथ क्षेत्र के नागरिकों के लिए भी आनंद और सुकून का स्थान बनेगा।
इस अवसर पर वार्ड के नागरिकों द्वारा महापौर प्रहलाद पटेल एवं निगम अध्यक्ष श्रीमती मनीषा मनोज शर्मा का सम्मान भी किया गया। कार्यक्रम में भाजपा जिला कार्यालय मंत्री मनोज शर्मा, मंडल अध्यक्ष मयूर पुरोहित, मंडल महामंत्री विवेक महामंत्री, भावना गुर्जर, महापौर परिषद सदस्य मनोहरलाल राजू सोनी, पार्षद परमानन्द योगी, रणजीत टांक, करण कैथवास, श्रीमती देवश्री पुरोहित, श्रीमती निशा सोमानी, श्रीमती अनिता वसावा, पार्षद प्रतिनिधि राजेन्द्र चौहान के अलावा प्रकाश बंशीवाल, महेश शर्मा, संतोष बैरागी, संतोष जोशी, अर्पित उपाध्याय, नितिन देवड़ा, मिलिन्द कोठारी, अभिषेक व्यास, अजय डामोर, विपुल तिवारी, जयदीप चौहान, सतीश चन्द्रावत, अशोक चाष्टा सहित क्षेत्रिय नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित थे।कार्यक्रम का संचालन मुकेश खण्डेलवाल ने किया व आभार वार्ड संयोजक प्रकाश बंशीवाल ने माना।



