11 से 21 दिसम्बर तक आयोजित होगा त्रिवेणी मेला

  • महापौर परिषद ने दी मेला आयोजन की स्वीकृति
  • मेले में आयोजित होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम व खेल प्रतियोगिताऐं
  • महापौर व निगम आयुक्त का महापौर परिषद सदस्यों ने किया स्वागत

रतलाम 24 नवम्बर । महापौर प्रहलाद पटेल की अध्यक्षता में आयोजित महापौर परिषद की बैठक में 11 दिवसीय त्रिवेणी मेला आयोजन, सांस्कृतिक कार्यक्रम व खेल प्रतियोगिताऐं आयोजित करवाये जाने की स्वीकृति प्रदान की गई।
नगर के व्यावसायिक क्षेत्र व प्रमुख मार्गो पर आये दिन लगने वाले जाम की समस्या के निदान, आवागमन तथा यातायात व्यवस्था दृष्टिगत व नगर को सुन्दर बनाने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा चलाई जा रही अतिक्रमण मुहिम की महापौर परिषद सदस्यों ने प्रशंसा करते हुए महापौर प्रहलाद पटेल व निगम आयुक्त अनिल भाना का स्वागत किया।
त्रिवेणी के पावन तट पर प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी 11 से 21 दिसम्बर तक आयोजित होने वाले ग्यारह दिवसीय त्रिवेणी मेले में प्रतिदिन रात्री में नागरिकों के स्वस्थ मनोरंजन हेतु उच्च स्तरीय गरीमामयी सांस्कृतिक कार्यक्रम, खेल भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कुश्ती, कबड्डी, शरीर सौष्ठव (बॉडी बिल्डिंग), खो-खो, मलखंभ आदि प्रतियोगिता आयोजित कराये जाने की स्वीकृति प्रदान की गई साथ ही यह भी निर्देश दिये कि खेल प्रतियोगिताओं के विजेता एवं उपविजेताओं को पुरस्कार राषि पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में चेक से दी जाये।
आयोजित बैठक में महापौर प्रहलाद पटेल के अलावा महापौर परिषद सदस्य भगतसिंह भदौरिया, पप्पू पुरोहित, श्रीमती अनिता कटारा, दिलीप गांधी, धर्मेन्द्र व्यास, विशाल शर्मा, अक्षय संघवी, मनोहरलाल राजू सोनी, रामुभाई डाबी, निगम आयुक्त अनिल भाना, निगम सचिव राजेन्द्र शर्मा के अलावा राजेन्द्र पुरोहित, राजेन्द्रसिंह गेहलोत आदि उपस्थित थे।