मेव का विरोध जारी , बलाई समाज का प्रतिनिधि मंडल मिला प्रदेश प्रभारी से

मेव का विरोध जारी , बलाई समाज का प्रतिनिधि मंडल मिला प्रदेश प्रभारी से
समाज को प्रतिनिधित्व नहीं मिलने से नाराज है बलाई समाज,

महेश्वर/खरगोन– महेश्वर विधानसभा में भाजपा के घोषित प्रत्याशी राजकुमार मेव का विरोध थमने का नाम नहीं ले रहा है। बलाई समाज के प्रतिनिधि मंडल ने भोपाल जाकर भाजपा के प्रदेश विधानसभा प्रभारी एवं केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव से मुलाकात की। बलाई समाज के प्रतिनिधि मंडल ने प्रभारी भूपेंद्र यादव के समक्ष समाज के प्रतिनिधित्व की बात रखी। प्रतिनिधि मंडल में पूर्व विधायक भूपेंद्र आर्य, कृष्णकांत रोकड़े, रितेश रोकड़े, प्रमिला रंसोरे, किशोर छटिए, ओमप्रकाश सावले, प्रवीण भालेकर, राजेश सिटोले, राधेश्याम मंडलोई सहित अन्य उपस्थित थे। प्रतिनिधि मंडल ने प्रदेश प्रभारी को जानकारी देते हुए बताया की खरगोन जिले में बलाई समाज के लगभग 2.50 लाख मतदाता है। सिर्फ महेश्वर विधानसभा जो की खरगोन जिले की अनुसूचित जाति के लिए एकमात्र आरक्षित सीट है, जिसमे बलाई समाज के लगभग 55 हजार मतदाता है। जबकि महेश्वर विधानसभा से भाजपा ने राजकुमार मेव को प्रत्याशी बनाया है जो की खटीक समाज का प्रतिनिधित्व करते है। और महेश्वर विधानसभा में खटीक समाज के मात्र 200–300 मतदाता है।

समाज को प्रतिनिधित्व न देना दुर्भाग्यपूर्ण:
बलाई समाज के प्रतिनिधि मंडल ने वापस आकर प्रेस को जानकारी देते हुए बताया की हमने समाज की बात प्रदेश प्रभारी भूपेंद्र यादव के समक्ष रखी है जिसमे बताया गया है की जिले की एकमात्र अनुसूचित जाति आरक्षित सीट पर बलाई समाज को प्रतिनिधित्व न देते हुए भाजपा ने समाज को अपने आप से दूर किया है जो की दुर्भाग्यपूर्ण है। प्रतिनिधि मंडल ने आगे बताया की उन्होंने प्रदेश प्रभारी को जानकारी उपलब्ध कराई की कांग्रेस, सदैव बलाई समाज को प्राथमिकता देते हुए नाम तय करती है इसी वजह से यहां अधिकतर चुनावो में कांग्रेस की जीत होती है। यदि इस बार भी भाजपा ने बलाई समाज को नजरंदाज किया तो परिणाम विपरीत ही आयेंगे। प्रतिनिधि मंडल ने आगे जानकारी देते हुए बताया की उनके द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों से प्रदेश प्रभारी हतप्रभ दिखे। प्रदेश प्रभारी यादव ने बलाई समाज के प्रतिनिधि मंडल को आश्वस्त करवाते हुए कहा की आप नाराज न हो और भाजपा के पक्ष में काम करे। हमे महेश्वर विधानसभा में हो रहे विरोध की पूरी जानकारी है। मंथन भी चल रहा है। जल्द ही आपकों सार्थक परिणाम मिलेंगे।

मेव के विरोध की संपूर्ण जानकारी भी उपलब्ध कराई:
प्रतिनिधि मंडल में मौजूद कृष्णकांत रोकड़े ने प्रदेश प्रभारी यादव को महेश्वर विधानसभा की 2018 से लेकर आज तक की संपूर्ण परिस्थितियों से अवगत करवाया। रोकड़े ने परिस्थितियों की न्यूज कटिंग मय दस्तावेज उपलब्ध करवाए। सभी समाचार पत्रों की न्यूज कटिंग देखने बाद प्रभारी यादव ने अफसोस व्यक्त करते हुए कहा की हमारे पास कही न कही कुछ जानकारियां मेनुपुलेट होकर आई थी। आपने व्यवस्थित जानकारी उपलब्ध करवाई है। हम इसे विचारार्थ रखेंगे।

संघ विरोधी बयानों की जानकारी उपलब्ध करवाई:
प्रतिनिधि मंडल में शामिल प्रवीण भालेकर ने जानकारी देते हुआ बताया की जब 2018 के राजकुमार मेव ने भाजपा प्रत्याशी के खिलाफ निर्दलीय चुनाव लडा था तब मेव ने अपने भाषणों में संघ के प्रचारकों को टिकिट बेचने वाला दलाल एवं भाजपा संगठन को अपशब्दों से संबोधित किया था। तब मैं संघ के तहसील कार्यवाह के दायित्व पर कार्य कर रहा था। मेव के राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रचारकों के विरुद्ध उक्त अपशब्दों वाले बयानों से मैं भी बहुत आहत हुआ था।

अलग अलग स्तरों से विरोध जारी:
गत अगस्त माह में भाजपा द्वारा प्रत्याशियों के नामो की पहली सूची जारी की गई थी जिसमे पूर्व विधायक राजकुमार मेव को भाजपा ने अपना प्रत्याशी बनाया था। उसके बाद से ही सम्पूर्ण विधानसभा क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा ही मेव का विरोध निरंतर जारी है। मंडलेश्वर में मेव का कार्यकर्ताओं द्वारा नारेबाजी कर बस स्टैंड पर पुतला दहन, विरोध स्वरूप 1000 बाइक पर 2000 कार्यकर्ताओ द्वारा बलवाड़ा से महेश्वर तक निकली बाइक रैली, जन आशीर्वाद यात्रा में भी लगभग 2 हजार कार्यकर्ताओं का विरोध और उसके बाद विभिन्न प्रतिनिधि मंडलों द्वारा दिल्ली और भोपाल स्थित भाजपा आलाकमान तक विरोध के स्वर पहुंचाने का काम तो हुआ ही था अब समाज विशेष ने भी अपने विरोध के स्वर बुलंद करते हुए भाजपा आलाकमान तक अपनी बात पहुचाई है। आगे और क्या देखने को मिलेगा ये भविष्य की गर्त में है।