मेव के विरोध में सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने दिया पार्टी से इस्तीफ
कार्यकर्ता कर रहे है संघ विरोधी मेव की उम्मीदवारी का विरोध
मंडलेश्वर/कतरगांव: कतरगांव के पाटीदार समाज धर्मशाला में आयोजित भाजपा ई कार्यकर्ताओं की बैठक में सैकड़ों भाजपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया। कार्यकर्ताओ ने सामूहिक इस्तीफे का कारण बताते हुए कहा की भाजपा आलाकमान, कार्यकर्ताओं की बात सुनने तक को तैयार नहीं है। स्थानीय भाजपा संगठन तानाशाही तरीके से चुनाव लड़ने की मंशा रख रहा है। 2018 के चुनाव में राजकुमार मेव ने पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के खिलाफ चुनाव लड़ कर भाजपा को हरवाया था। सार्वजनिक मंच से संघ प्रचारकों पर टिकिट बेचने का आरोप लगाए थे।
आज उसी बागी राजकुमार मेव को हमारा उम्मीदवार बना दिया है। जिसका हम विरोध कर रहे है। हमारा पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा देने का कारण यही है, हम पार्टी के प्रत्याशी राजकुमार मेव के चुनाव में कार्य नही कर सकते है।
विधानसभा संयोजक ने जारी किया तानाशाही फरमान:
भाजपा कार्यकर्ताओ ने आगे बताया की विधानसभा चुनाव के लिए बनाए गए विधानसभा संयोजक नारायण पाटीदार तुगलकी फरमान जारी कर रहे है। विधानसभा संयोजक के इस तानाशाही पूर्ण फरमान का विरोध करते है। ज्ञात हो की शुक्रवार को कतरगांव में प्रस्तावित भाजपा कार्यकर्ताओं की बैठक से स्थानीय भाजपा संगठन ने किनारा करते हुए बैठक में जाने वाले कार्यकर्ताओं पर अनुशासनात्मक कार्यवाही करने का फरमान जारी किया था। राजकुमार मेव की उम्मीदवारी के चलते कार्यकर्ताओं में वैसे ही रोष व्याप्त था पर इस तुगलकी फरमान ने कार्यकर्ताओं के रोष में दोगुनी वृद्धि कर दी। जिसके चलते कार्यकर्ताओं ने पार्टी की सदस्यता से त्यागपत्र देने का निर्णय किया। कार्यकर्ताओ ने आगे बताया की जबतक भाजपा आलाकमान मेव के स्थान पर किसी अन्य को उम्मीदवार नही बनाता है तब तक विरोध जारी रहेगा। साथ ही पार्टी की सदस्यता से त्यागपत्र देने के अभियान को भी बूथस्तर तक पहुंचाया जाएगा। पूरे विधानसभा क्षेत्र से लगभग 3 हजार से अधिक कार्यकर्ता, स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं पदाधिकारी पार्टी की सदस्यता से इस्तीफा देंगे।
बैठक में वरिष्ठों ने कार्यकर्ताओं को दी जानकारी
शुक्रवार को कतरगांव के पाटीदार समाज धर्मशाला में आयोजित बैठक में वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने अन्य उपस्थित सैकड़ों कार्यकर्ताओ को आगामी चुनाव संबंधी भाजपा गतिविधियों की विभिन्न जानकारी उपलब्ध कराई। सर्वप्रथम भाजपा के वरिष्ठ भगवान जाट ने कार्यकर्ताओं को समझाइश देते हुए बताया की राजकुमार मेव के विरोध अभी हुए विभिन्न प्रदर्शनो की जानकारी भाजपा आलाकमान के पास पहुंच गई है। महेश्वर विधानसभा के बारे में भाजपा आलाकमान विचार भी कर रहा है। जल्द ही परिणाम भी देखने को मिलेंगे। अन्य वक्ताओं में राजीव काले, पवन तवर, मधुसूदन पाटीदार ने कार्यकर्ताओं के समक्ष अपनी बात रखी। बैठक में आगामी विरोध प्रदर्शन की रूपरेखा पर भी विचार कर योजना बनाई गई। बैठक का संचालन चैतन्य पटवारी ने किया एवं आभार पुरषोत्तम पवार ने माना।
पूर्व में भी हो चुके है विरोध प्रदर्शन:
मेव की उम्मीदवारी घोषित होने बाद से ही क्षेत्र के अधिकतर कार्यकर्ताओं ने अपना विरोध खुल कर दर्ज कराया। मंडल स्तरीय आयोजनों में कार्यकर्ता एवं पदाधिकारियों ने महाराष्ट्र से पर्यवेक्षक के समक्ष अपना विरोध दर्ज कराया। मंडलेश्वर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने बस स्टैंड चौक पर मेव का पुतला भी फूका। उसके बाद लगभग 1 हजार से अधिक बाइक पर लगभग 2 हजार कार्यकर्ताओं ने कतरगाव से महेश्वर तक बाइक रैली निकाल कर विरोध दर्ज कराया। कार्यकर्ताओ ने लगभग 23 किमी की बाइक रैली में तख्तियां हाथो में लेकर नारेबाजी भी की। जन आशीर्वाद यात्रा में भी कार्यकर्ताओं ने तगड़ा विरोध दर्ज कराया। भाजपा आलाकमान ने प्रशासन के माध्यम से विरोध को दबाने का असफल प्रयास भी किया। इसके बावजूद कार्यकर्ता टस से मस न हुए। उनका विरोध आज तक जारी है।



